बैतूल में 27 दिसंबर को स्वामित्व योजना के तहत आवासीय पट्टे के वितरण का वृहद कार्यक्रम अब निरस्त हो गया है।इसमें मुख्यमंत्री मोहन यादव भाग लेने वाले थे। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी वर्चुअली जुड़कर हितग्राहियों से संवाद करना था। संभावना है कि अब यह कार्यक्रम अन्य किसी जिले में आयोजित होगा। मंगलवार सुबह मुख्यमंत्री के इस कार्यक्रम को लेकर कलेक्टर बैतूल नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने अधिकारियों की बैठक ली थी, जिसमें 27 दिसंबर के कार्यक्रम को लेकर अधिकारियों को तैयारी में जुटने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन शाम होते-होते खबर आई कि यह कार्यक्रम बैतूल में निरस्त हो गया है। बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल ने भी इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम अब 27 को बैतूल में नहीं होगा। इधर, एक प्रशासनिक अधिकारी ने भी बताया कि कार्यक्रम निरस्त हो गया है। संभवतः यह अन्य किसी जिले में होगा। 19 दिसम्बर का कार्यक्रम तय हुआ था बता दें कि बैतूल में सीएम का कार्यक्रम दूसरी बार निरस्त हुआ है। इसके पहले 19 दिसम्बर का कार्यक्रम तय हुआ था। लेकिन इसे निरस्त कर दिया गया, जबकि इसके लिए टेंट लगना भी शुरू हो गया था। इस कार्यक्रम के बाद 27 दिसंबर के कार्यक्रम की सूचना खुद प्रशासन ने दी थी, लेकिन अब यह भी कैंसिल हो गया है। यह होना था कार्यक्रम कार्यक्रम में मुख्यमंत्री द्वारा स्वामित्व योजना में 30 हजार से अधिक आवासीय पट्टों का वितरण किया जाना था। साथ ही नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को नियुक्ति पत्र का भी वितरण होना था। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास के साथ केंद्र और राज्य शासन की फ्लैगशिप योजनाओं में हितग्राहियों को हितलाभ भी वितरित करने वाले थे। बैतूल में आयोजित समारोह राज्य स्तरीय होना था। इसका प्रदेश के सभी जिले, विकासखंड व ग्राम पंचायत स्तर पर सजीव प्रसारण किया जाने वाला था।


