भास्कर न्यूज|डंडई डंडई पंचायत अंतर्गत बैरियादामर गांव के जन वितरण प्रणाली दुकानदार सफीक शेख लाइसेंस नंबर 10/96 के द्वारा मनमाने तरीके से जन वितरण प्रणाली की दुकान चलाने का मामला प्रकाश में आया है। लाभुकों का आरोप है कि जन वितरण प्रणाली दुकानदार सफीक शेख अधिकतर दिन अपना पीडीएस दुकान बंद रखते हैं। वही समय पर राशन का भी वितरण नहीं करते हैं। जिससे हम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लाभुकों ने कहा कि गुरुवार को भी उक्त डीलर की पीडीएस दुकान बंद है। कहा की मेराल गोदाम से राशन का उठाव करीब एक सप्ताह पूर्व ही कर लिया गया है। परंतु आज तक उनके द्वारा राशन कार्डधारियों के बीच राशन का वितरण का कार्य शुरू नहीं किया जा सका है। डीलर के यहां राशन आने के बाद भी लाभुकों को राशन नहीं मिलने पर हम लोग काफी चिंतित हैं। लाभुकों ने कहा कि सफीक शेख डीलर कई बार राशन की कटौती कालाबाजारी को लेकर निलंबित हो चुके हैं फिर भी उनकी मनमानी थमने का नाम नहीं ले रही है। कहा कि उक्त डीलर सप्ताह दिन पहले ही राशन का उठाव कर चुके हैं फिर भी राशन का वितरण का कार्य अभी तक शुरू नहीं किए हैं। इस बार भी उक्त डीलर के द्वारा कहीं राशन का कालाबाजारी ना हो जाए। जिसका चिंता हम लोगों को सता रही है। मामले को लेकर डीलर सफीक शेख ने कहा कि राशन तो सप्ताह दिन पहले ही 38 क्विंटल का उठाव कर चुके हैं। व्यस्तता के कारण राशन का वितरण का कार्य अभी तक शुरू नहीं कर सके हैं, जल्द ही वितरण का कार्य शुरू करेंगे। गोदाम प्रभारी बसंत पांडेय ने कहा कि डीलर सफीक शेख के द्वारा मई महीने का राशन 38 क्विंटल 28 अप्रैल को ही उठाव कर लिया गया है। प्रभारी प्रखंड खाद्य आपूर्ति पदाधिकारी यशवंत नायक ने कहा कि किस परिस्थिति में 15 दिन पहले उठाव किया गया, राशन का वितरण अभी तक शुरू नहीं किया गया है जांच का विषय है। जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।


