सरायकेला| चांडिल प्रखंड अंतर्गत उत्क्रमित +2 उच्च विद्यालय कल्याणपुर चिलगु के विद्यार्थियों की कुशल प्रतिभा ने एक बार फिर अपना रंग दिखाया है। विद्यालय की छात्रा हीरामनी सिंह तथा श्रुति राजवार ने राज्य फलक पर अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा एवं नवाचार कौशल का प्रदर्शन करते हुए विद्यालय सह जिले को गौरवान्वित किया है। विज्ञान शिक्षक सोमनाथ मंडल के मार्गदर्शन में 16 मई को राज्य स्तरीय प्रदर्शन सह प्रोजेक्ट प्रतियोगिता में भाग लेंगी। जिला विद्यालय, रांची में प्रतियोगिता आयोजित होगी। जिसमें राज्य भर से विद्यार्थी भाग लेंगे। विद्यार्थियों के इस प्रदर्शन से विद्यालय की प्रधानाधापिका सहित सभी शिक्षक उत्साहित हैं। मालूम हो कि सरकारी व निजी स्कूलों से कक्षा 6 से 10वीं तक के विद्यार्थियों के लिए, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग भारत सरकार की स्वायत्त राष्ट्रीय नवप्रवर्तन संस्था की ओर से इंस्पायर अवॉर्ड मानक योजना के तहत नवाचारों व प्रोजेक्ट का राष्ट्रीय स्तर पर चयन किया जाता है।


