भाजपा देश के करोड़ों लोगों के साथ कर रही विश्वासघात : कांग्रेस

चाईबासा| भाजपा की तिरंगा यात्रा पर कांग्रेस ने भाजपा पर विश्वासघात का आरोप लगाया है। भाजपा द्वारा आयोजित तिरंगा यात्रा पर कांग्रेसियों ने गुरुवार को तीखी प्रतिक्रिया दी है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर दास ने कहा कि भाजपा तिरंगा का राजनीतिक उपयोग करके अपने चेहरे की कालिख को धोने का प्रयास कर रही है। भाजपा ने देश के करोड़ों लोगों के साथ विश्वासघात किया है और उनकी भावनाओं के साथ खिलवाड़ किया है। कांग्रेस जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय ने कहा कि केन्द्र सरकार ने ठोस कार्रवाई करने की जगह राजनीतिक और कूटनीतिक मोर्चे पर अपनी कमजोरी को उजागर कर दिया। उन्होंने कहा कि निर्णय लेने में शिथिलता ने डोनाल्ड ट्रंप की दखलंदाजी को बढ़ावा दिया, जो केन्द्र सरकार की कमजोरी का परिचायक बनकर विश्व पटल पर उभर कर आया है। कांग्रेस नगर अध्यक्ष मो.सलीम ने कहा कि देश की जनता प्रधानमंत्री से जवाब मांग रही है कि किन परिस्थितियों में सीज फायर हुआ। युवा कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष सह अधिवक्ता पूर्ण चन्द्र कायम ने कहा कि एक तरफ भाजपा के मंत्री देश की शान कर्नल सोफिया कुरैशी को अपशब्द कहते हैं और दूसरी तरफ पूरे देश में देशभक्ति और राष्ट्रवाद का ढिंढोरा पीटती है। मौके पर कांग्रेस जिला सचिव मोहन सिंह हेम्ब्रम, प्रखंड अध्यक्ष सकारी दोंगो, ओबीसी प्रकोष्ठ प्रखंड अध्यक्ष हरिचरण कुम्हार, सुभाष राम तुरी, जोसेफ केसरिया, सुशील दास आदि मौजूद थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *