सिटी रिपोर्टर | बोकारो मोहन कुमार मंगलम स्टेडियम से रविवार को सेल बोकारो हाफ मैराथन का आयोजन किया गया। इसमें देश के विभिन्न राज्यों के 5800 धावकों ने भाग लिया। प्रतिभागियों में 1229 महिला व 4571 पुरुष शामिल रहे, जिन्होंने अनुशासन और फिटनेस का शानदार प्रदर्शन किया। मैराथन का आयोजन 21 किमी, 10 किलोमीटर और 5 किलोमीटर की श्रेणियों में महिला व पुरुष वर्ग के लिए अलग-अलग किया गया। इसके अलावा दिव्यांगजनों के लिए 2 किलोमीटर की विशेष दौड़ भी आयोजित की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ बीएसएल के डायरेक्टर इंचार्ज प्रिय रंजन ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर संयंत्र के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर्स, डीआईजी (सीआईएसएफ) नीति मित्तल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


