बोर्ड एग्जाम…:एडमिट कार्ड के फोटो से चेहरा नहीं मिला तो परीक्षार्थी से पूछेंगे जानकारी, बॉडी लैंग्वेज पर भी रहेगी नजर

मप्र माध्यमिक शिक्षा मंडल (एमपी बोर्ड) की हाई स्कूल और हायर सेकंडरी परीक्षाओं में परीक्षार्थियों की चैकिंग के दौरान उनकी बॉडी लैंग्वेज भी पर्यवेक्षक देखेंगे। इसके तहत परीक्षा देने वाले के चेहरे का मिलान एडमिट कार्ड में छपे हुए फोटो से किया जाएगा। फोटो से मिलान नहीं होने की दशा में मौखिक पूछताछ में परीक्षार्थी के माता का नाम, पिता का नाम उसकी जन्मतिथि, पते आदि की जानकारी ली जाएगी । इसी के साथ उत्तर देते समय परीक्षार्थी के चेहरे के हाव भाव (बॉडी लैंग्वेज) पर ध्यान दिया जाएगा। लेकिन, उसके अंगूठे का निशान लिया जाएगा। संदेह का लाभ भी परीक्षार्थी को दिया जाएगा। इसी के साथ एमपी बोर्ड की हाई स्कूल और हायर सेकंडरी परीक्षाओं में परीक्षा केंद्रों पर लोहे की पेटी रखी जाएगी। इसके पीछे मकसद यह है कि परीक्षार्थी इसमें परीक्षा के पूर्व स्वेच्छा से किताबे, गाइड, चिट आदि डाल सकते हैं। इस पेटी पर भी इस बात का स्पष्ट उल्लेख किया जाएगा कि यह पेटी स्वेच्छा से नकल सामग्री परीक्षा कक्ष में प्रवेश लेने के पूर्व जमा करने के उद्देश्य से रखी गई है। इस संबंध में मंडल ने परीक्षाओं के संचालन से जुड़ी गाइडलाइन सभी संबंधितों को जारी कर दी है। केंद्राध्यक्षों को एक दिन पहले करनी होगी सभी व्यवस्थाएं इसी के साथ केंद्राध्यक्षों को परीक्षा के लिए की जाने वाली सभी आवश्यक व्यवस्थाएं परीक्षा प्रारम्भ होने के एक दिन पूर्व करनी होंगी। इस व्यवस्था में परीक्षा केन्द्र की सुरक्षा व्यवस्था और परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था शामिल है। फर्नीचर कम तो पास के स्कूल से लाएंगे
गाइडलाइन के अनुसार फर्नीचर की कमी होने की दशा में निकटस्थ शालाओं से परिवहन कर फर्नीचर की व्यवस्था की जाए। किसी भी दशा में फर्नीचर की व्यवस्था टेन्ट हाउस से किराये पर नहीं की जाएगी। फर्नीचर परिवहन एवं अन्य व्यवस्था हेतु समस्त कलेक्टरों को एक लाख रुपये पृथक से प्रदाय किया गया है। इसी के साथ केंद्र में आगमन और निर्गम एक ही गेट से होगा। इस प्रकार की होगी बैठक व्यवस्था
प्रश्नपत्रों के 20,10 के पैकेट उपलब्ध कराए जाएंगे जो सीधे परीक्षा कक्ष में खोले जाएंगे। परीक्षा कक्ष में छात्रों की बैठक व्यवस्था 20/40/60 के मान से की जाएगी। परीक्षा में पेपर के 4 सेट रहेंगे। परीक्षार्थी के अगल–बगल, आगे–पीछे एक सेट के पेपर नहीं दिए जाएंगे। इसी के साथ समस्त पर्यवेक्षक परीक्षा शुरू होने के पहले दिन 1.30 घंटे पूर्व उपस्थित होंगे। परीक्षा संबंधी गाइडलाइन दे दी है
परीक्षा के लिए संबंधितों को गाइडलाइन दे दी गई है। परीक्षा केंद्रों पर एडमिट कार्ड से फोटो मिलान न होने पर जानकारी लेने के साथ ही परीक्षार्थी की बॉडी लैंग्वेज भी देखने के लिए निर्देशित किया गया है। इसी के साथ केंद्रों पर लोहे की पेटी भी रखी जाएगी। – केडी त्रिपाठी, सचिव, माशिमं

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *