बुरहानपुर में शुक्रवार को ब्राह्मण समाज ने आईएएस अधिकारी और अजाक्स प्रांताध्यक्ष संतोष वर्मा के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। समाज के लोगों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर नारेबाजी की और वर्मा के फोटो को पैरों से रौंदा। उन्होंने डिप्टी कलेक्टर सृजन श्रीवास्तव को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर संतोष वर्मा पर सख्त कार्रवाई की मांग की। समाजजनों ने बताया कि संतोष वर्मा ने ब्राह्मण समाज की बेटियों को लेकर अभद्र टिप्पणी की थी, जिससे पूरा समाज आहत है। उन्होंने मांग की कि वर्मा को सभी महत्वपूर्ण दायित्वों से मुक्त कर उनके खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाए। समाज ने उन पर चल रही जांच और कार्रवाई को जल्द पूरा करने की अपील की। ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष शैलेंद्र मिश्रा ने कहा कि वर्मा के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई होनी चाहिए, क्योंकि ऐसा बयान कभी किसी अन्य प्रशासनिक अधिकारी ने नहीं दिया है। समाज के दुर्गेश शर्मा ने आरोप लगाया कि वर्मा ने आरक्षण के मुद्दे पर ब्राह्मण समाज को नीचा दिखाने का काम किया है और उन पर कई आरोप भी लगे हैं। उन्होंने वर्मा को बर्खास्त करने की मांग की। इस विरोध प्रदर्शन में पंडित योगेश चतुर्वेदी, विष्णु परचुरे, रूपेश तिवारी, किशोर दीक्षित, गौरव शुक्ला, रमेश दीक्षित, आशा तिवारी, पायल अवस्थी सहित कई समाजजन और महिलाएं उपस्थित थीं। महिलाओं ने भी संतोष वर्मा पर सख्त कार्रवाई की मांग दोहराई।


