सरमथुरा में 4 ट्रैक्टर-ट्रॉली अवैध रेता के साथ जब्त:चंबल बजरी माफिया पर कार्रवाई, ड्राइवर मौके से फरार

सरमथुरा पुलिस ने अवैध चंबल रेता माफिया के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जब्त किया है। ये ट्रैक्टर-ट्रॉलियां चंबल रेता से भरी हुई थीं। हालांकि, सभी ट्रैक्टरों के ड्राइवर मौके से फरार होने में सफल रहे, जिनकी तलाश जारी है। थानाधिकारी कृपाल सिंह के निर्देश पर पुलिस टीम ने अवैध रेता माफिया के खिलाफ अभियान चलाया। पुलिस ने ट्रैक्टरों को आवाज देकर और घेरा बनाकर रोकने का प्रयास किया। इस दौरान ट्रैक्टर ड्राइवरों ने सभी चारों ट्रॉलियों के प्रेशर उठाकर उनमें भरा कुछ रेता खाली कर दिया। पुलिस का पीछा करते देख चालक शीतलपुरा गांव के पास बाबू महाराज मंदिर वाले रास्ते पर ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को खड़ा कर जंगल की ओर भाग गए। थानाधिकारी और जाप्ते ने काफी तलाश की, लेकिन रात और घने जंगल के कारण वे पकड़ में नहीं आ सके। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रॉलियों में अवैध चंबल रेता भरा हुआ पाया। जांच में पता चला कि इन ट्रैक्टरों के पास चंबल बजरी के परिवहन के लिए कोई वैध अनुज्ञापत्र नहीं था। यह रेता चंबल घड़ियाल प्रतिबंधित क्षेत्र से चोरी-छिपे लाया जा रहा था। इस मामले में ट्रैक्टर चालकों के खिलाफ तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाने के आरोप में मुकदमा नंबर 325/25, धारा 112(2), 281, 303(2) BNS, वन्य जीव संरक्षण अधिनियम 1972 की धारा 29/51 और वन अधिनियम की धारा 41, 42 के तहत मामला दर्ज किया गया है। फरार ड्राइवरों की तलाश जारी है और अवैध चंबल रेता माफिया के खिलाफ यह अभियान जारी रहेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *