ब्लैकमेलिंग: पटवारी से मांगे 2.5 लाख, 1 गिरफ्तार

भास्कर न्यूज | बैकुंठपुर कोरिया जिले के बैकुंठपुर में पटवारी को किसी मामले में ब्लैकमेल कर 2.5 लाख रुपए की मांग करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को जंगल में घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया है। पूरे मामले का मास्टरमाइंड अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर है। पकड़ा गया आरोपी अर्जुन साहू उम्र 23 वर्ष पटना थाना क्षेत्र का रहने वाला है। पटवारी अमरेश कुमार पाण्डेय को कुछ दिन से आरोपी व्हाट्सएप कॉल के जरिए ब्लैकमेल कर रहे थे। आरोपी शुरुआत में 2.5 लाख की मांग कर रहे थे। पटवारी ने सतर्कता दिखाते हुए कॉल और मोबाइल नंबर की रिकॉर्डिंग शुरू कर दी और मामले की सूचना पुलिस को दी। समय मांगने पर आरोपियों ने सौदेबाजी के बाद एक लाख रुपए की राशि तय की। 21 दिसंबर को आरोपियों ने तत्काल पैसे देने का दबाव बनाया और सुबह 11 बजे बचरा-पोंडी मार्ग पर बुलाया। इस दौरान आरोपी व्हाट्सएप कॉल पर लगातार पटवारी से लाइव लोकेशन और वीडियो मंगवाते रहे। देरी होने पर धमकी दी जाती रही। इधर, सिविल ड्रेस में पटवारी के साथ पुलिस के जवान भी चल रहे हैं। आरोपियों को भरोसा नहीं होने पर पटवारी को चार घंटे तक अलग-अलग जगहों पर घुमाकर परेशान किया, लेकिन पुलिस की रणनीति के अनुसार अंत में आरोपी ने बैमा-बचरा सड़क के पास एक पेड़ के नीचे पैसे रखकर जाने कहा। जैसे ही एक युवक वहां पैसे लेने पहुंचा, पुलिस ने घेराबंदी कर उसे धरदबोचा। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने अपने साथी और पूरी ब्लैकमेलिंग की साजिश के बारे में बताया। हालांकि मुख्य आरोपी मौके से भाग गया। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *