रात में बनी सड़क सुबह उखड़ी, एसई निलंबित

भास्कर न्यूज | अंबिकापुर अंबिकापुर में नेशनल हाईवे 43 पर 8 करोड़ से चल रहे सड़क सुधार कार्य में शनिवार देर रात 600 मीटर बीटी पैच रिपेयरिंग का काम किया गया था। अगले दिन सुबह 7 मीटर सड़क उखड़ गई। सुबह नगर निगम के कर्मी मौके पर पहुंचे और उखड़े हुए मटेरियल को कचरा गाड़ी में भरकर ले गए। घटना के बाद नेशनल हाईवे के चीफ इंजीनियर ने सब इंजीनियर नवीन सिन्हा को निलंबित कर दिया है। चीफ इंजीनियर नवीन का मुख्यालय एसई कार्यालय बिलासपुर में स्थानांतरित कर दिया है। बताया जा रहा है कि बिलासपुर सुपरिटेंडेंट इंजीनियर ने प्रतिवेदन और तस्वीरें रायपुर के मुख्य अभियंता को भेजी थीं। वहीं नेशनल हाईवे के अधिकारियों के अनुसार अंबिकापुर के सदर रोड पर यह बीटी पैच रिपेयरिंग काम विशेष रूप से व्यस्त मार्ग होने के कारण रात में किया था। नेशनल हाईवे के एसडीओ निखिल लकड़ा ने कहा कि दिन में काम करना संभव नहीं था, लेकिन रोलर में तकनीकी खराबी के कारण मटेरियल सही तरीके से दबाया नहीं जा सका, जिससे मटेरियल ठंडा हो गया और कांपेक्शन (सड़क को मजबूती देने) की प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी। इस वजह से सड़क उखड़ गई, जिसे तुरंत दोबारा ठीक कर दिया है। सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत ने कहा कि नेशनल हाईवे के अधिकारियों को गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि तकनीकी खराबी के कारण हुई समस्या को तुरंत दूर कर दिया है। लोक निर्माण विभाग ने इस गुणवत्ताहीन कार्य पर कार्रवाई करते हुए उप अभियंता नवीन सिन्हा को निलंबित कर दिया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *