भास्कर न्यूज| अमृतसर भगतांवाला डंप में सुबह करीब 10 बजे अचानक आग लग गई। फायर ब्रिगेड को सूचना मिलने पर सबसे पहले ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाना शुरू किया। 50 गाड़ियों का पानी इस्तेमाल कर करीब 11 घंटे में रात 9 बजे आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि धुंआ निकलता रहा। बता दें कि गर्मी में हर बार डंप की आग लोगों की जान पर आफत बनी रहती है। मगर निगम के जिम्मेदार अफसर शायद किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहे हैं। कभी ड्रोन सर्वे कराने से लेकर डंप को जल्द से जल्द खत्म कराने के दावे कागजों व बयानबाजी में रह जा रहे। लेकिन लेकिन ग्राउंड पर काम जीरो है। बता दें कि करीब 15 साल से डंप को खत्म करने का प्लान निगम अफसर बना रहे हैं मगर हमेशा अवर्डा कंपनी के काम न करने का रोना बना रहा। हर बार नया प्लान और रिपोर्ट तैयार तो की गई। लेकिन बायोरेमिडेशन के लिए लगा टेंडर का वर्कऑर्डर नहीं हो सका है। बता दें कि 29 दिन पहले भी डंप में भीषण आग लगी थी। 13 घंटे में फायर ब्रिगेड की टीमें काबू पा सकी थी। जबकि 1 साल पहले भी डंप में आग लगी थी जो करीब 700 मीटर एरिया में फैली थी। धुआं करीब 5 किमी एरिया तक फैल गया था। स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन भी किया था। तब भी अफसरों ने डंप जल्द खत्म कराने का भरोसा दिलाया मगर आज हालात पहले से भी ज्यादा बिगड़ चुके हैं।


