भास्कर न्यूज | अमृतसर कैबिनेट मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल रविवार को भगतांवाला अनाज मंडी पहुंचे। इस मौके पर उन्होंने खुले में पड़े गेहूं का संज्ञान लेते हुए कहा कि इस सीजन के बाद मंडी में दो बड़े शैड बनाए जाएंगे, ताकि बरसात के मौसम में फसल खराब न हो। उन्होंने कहा कि मंडियों में ऐसी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी जिनकी किसानों, मजदूरों और आढ़तियों को जरूरत है। कैबिनेट मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल ने रविवार को अनाज मंडी भगतांवाला में दौरा कर गेहूं की खरीद का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने उठान में हो रही देरी को गंभीरता से लेते हुए खरीद एजेंसियों के अधिकारियों को 2 दिन के अंदर गेहूं का उठान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने टेंडर की शर्तें पूरी न करने वाली टेंडर कार को ब्लैक लिस्ट करने के भी निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने राजासांसी अनाज मंडी का भी जायजा लिया और चल रही खरीद पर संतोष जताते हुए लिफ्टिंग में तेजी लाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला मंडी अधिकारी अमनदीप सिंह, जिला खाद्य अधिकारी अमनजीत सिंह संधू, मंडी सुपरवाइजर परमजीत सिंह सहित विभिन्न खरीद एजेंसियों के अधिकारी भी मौजूद थे।


