राजस्थान में भाजपा सरकार के दो साल पूरे होने के उपलक्ष्य में ‘सुशासन पखवाड़ा’ के तहत सिवाना विधानसभा क्षेत्र में ‘विकास रथ यात्रा’ निकाली गई। यह यात्रा शनिवार को पंचायत समिति समदड़ी की ग्राम पंचायत करमावास पहुंची, जहां विधायक हमीर सिंह भायल का ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। विधायक हमीर सिंह भायल ने राजस्थान सरकार के पिछले दो वर्षों के कार्यों को ऐतिहासिक बताते हुए सिवाना विधानसभा क्षेत्र की उपलब्धियों पर विशेष जोर दिया। भायल ने कहा कि आजादी के बाद पहली बार सिवाना विधानसभा क्षेत्र का सड़क ढांचा इस तरह विकसित हुआ है कि पूरे क्षेत्र को डबल लेन सड़कें मिली हैं। इसके साथ ही, सभी राजस्व गांवों को पक्के सड़क मार्गों से जोड़ा गया है। विधायक ने जानकारी दी कि इस ‘सुशासन पखवाड़े’ के तहत प्रस्तावित रथ यात्रा के माध्यम से राजस्थान सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी हर गांव तक पहुंचाई जाएगी। उन्होंने आमजन से आह्वान किया कि वे रथ में लगी सुझाव पेटिका में अपने सुझाव भी डाल सकते हैं, ताकि सरकार की योजनाओं को और प्रभावी बनाया जा सके। इस दौरान स्थानीय उपखंड अधिकारी, विकास अधिकारी, और विभिन्न विभागों के कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पूर्व विधायक कान सिंह, भाजपा मंडल अध्यक्ष देवेंद्र बोराना, स्थानीय जनप्रतिनिधि सहित आस-पड़ोस की पंचायतों से बड़ी संख्या में आमजन ने भाग लिया।


