विदिशा | नगर परिषद के भाजपा उपाध्यक्ष शिवचरण प्रजापति के घर गुरुवार दोपहर वकीलों की टीम पुलिस बल के साथ पहुंची। टीम के साथ महिला बाउंसर भी थीं। मकसद घर को सील करना था । प्रजापति ने 7 साल पहले आधार हाउस फाइनेंस कंपनी से 6 लाख 50 हजार रुपए का लोन लिया था। तीन साल से किस्त नहीं भरी। अब यह रकम पेनाल्टी सहित 10 लाख रुपए तक पहुंच गई है। कंपनी ने कई बार नोटिस भेजे। इसके बाद कोर्ट से घर सील करने की अनुमति ली। महिलाएं तहसीलदार के साथ घर में घुसीं। ताला लगाने की प्रक्रिया शुरू की। तभी सैकड़ों वार्डवासी और कई पार्षद मौके पर पहुंच गए। वकीलों से बहस शुरू हो गई। हंगामा बढ़ गया और घर में ताला नहीं लगाया जा सका। अब बाहर से पुलिस बुलाएंगे : वकील बलराम बैरागी ने बताया, कोर्ट से आदेश मिलने के बाद भी दो बार ताला लगाने की कोशिश नाकाम रही। गुरुवार को भी बदतमीजी की गई। अब अगली बार बाहर से पुलिस लाई जाएगी।


