प्रदेश भाजपा सदस्यता संयोजक राकेश प्रसाद ने कहा कि राज्य के 5628 केंद्रों पर रविवार से पार्टी ऑनलाइन सदस्यता अभियान शुरू करेगी। इस संगठन पर्व में प्रदेश अध्यक्ष, कार्यकारी अध्यक्ष, केंद्रीय मंत्री समेत सभी सांसद, विधायक, प्रदेश पदाधिकारी, जिला और मंडल पदाधिकारी अपने-अपने शक्ति केंद्रों पर रहेंगे। संगठन पर्व का लक्ष्य सर्व स्पर्शी, सर्व व्यापी और सर्व समावेशी भाजपा का निर्माण है। ऑनलाइन सदस्यता का नंबर 8800002024 है, जिस पर डायल कर भाजपा की सदस्यता ग्रहण की जा सकती है। यह संगठन पर्व 6 वर्षों 2024 से 2030 तक के सत्र के लिए आयोजित है। पार्टी के इस महाअभियान में युवा, महिला, एसटी, एससी, अल्पसंख्यक, किसान और पिछड़ा मोर्चों द्वारा भी अपने-अपने क्षेत्र में सदस्यता अभियान की शुरुआत की जाएगी। कहा कि भाजपा को लोकसभा चुनाव में 84 लाख से ज्यादा, जबकि विधानसभा चुनाव में 59 लाख से ज्यादा वोट मिले हैं। प्रदेश संयोजक ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी गिरिडीह जिलांतर्गत तेलवाना पंचायत के खोरों गांव में सदस्यता अभियान का शुभारंभ करेंगे।


