सवाई माधोपुर नगर परिषद क्षेत्र के हाउसिंग बोर्ड और पुराने शहर में इन दिनों PWD की ओर से सीसी सड़क का निर्माण कार्य करवाया जा रहा है। यहां PWD के कॉन्ट्रेक्टर की ओर नियमों को अनदेखा किया जा रहा है। जिसके चलते हाउसिंग बोर्ड के तीनों भाजपा पार्षदों ने कॉन्ट्रेक्टर के खिलाफ मोर्चा खोल दिया और नियमानुसार सड़क बनाने की मांग की है। सड़क निर्माण में भ्रष्टाचार के आरोप लगाए नगर परिषद के पार्षद चंदन सिंह, जिनेंद्र शर्मा और अभयंकर शर्मा का आरोप है कि कॉन्ट्रेक्टर की ओर से सड़क निर्माण में बेहद घटिया सामग्री काम मे ली जा रही है और सड़क का घटिया निर्माण किया जा रहा है। हाउसिंग बोर्ड के स्थानीय लोगों सहित इन तीनों पार्षदों का कहना है कि कॉन्ट्रेक्टर की ओर से जी शेड्यूल के मुताबिक निर्माण कार्य नही किया जा रहा। उनका कहना है कि कॉन्ट्रेक्टर सड़क निर्माण में निर्धारित मापदंडों के अनुरुप ना तो पुरानी सड़क की खुदाई कर रहा है और ना ही मापदण्ड के मुताबिक गिट्टी और बजरी डाल रहा है। पार्षदों ने कॉन्ट्रेक्टर पर सड़क निर्माण में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि कॉन्ट्रेक्टर सड़क निर्माण में निर्धारित मापदण्ड के मुताबिक सड़क की चौड़ाई नही कर रहा है। वहीं गिट्टी के साथ कॉन्ट्रेक्टर द्वारा बजरी की जगह डस्ट मिलाई जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कॉन्ट्रेक्टर ने पुरानी सड़क तोड़ने के दौरान पूरे हाउसिंग बोर्ड और शहर में खुदाई कर कहीं सीवरेज तो कहीं पानी की पाइप लाइन तोड़ दी है। जिससे उन्हें खासी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।


