सवाई माधोपुर के बौंली थाने में बामनवास से कांग्रेस विधायक इंदिरा मीना पर केस दर्ज हुआ है। बौंली भाजपा मंडल अध्यक्ष हनुमत दीक्षित ने विधायक समेत 20-25 लोगों पर मारपीट और जान से मारने की कोशिश करने की रिपोर्ट दी है। बौंली कस्बे के अंबेडकर सर्किल पर रविवार (13 अप्रैल) की देर रात बामनवास विधायक इंदिरा मीणा और भाजपा नेता हनुमत दीक्षित के बीच विवाद हो गया था। विधायक ने कार सवार भाजपा नेता की शर्ट फाड़ दी थी और थप्पड़ मार दी थी। इसके बाद भाजपा ने बामनवास विधायक के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। भाजपा नेताओं ने खोला मोर्चा
मामले को लेकर बौंली के खेड़ापति बालाजी मंदिर में मंगलवार को भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। जिसमें नेताओं ने विधायक इंदिरा मीना पर भ्रष्टाचार करने और पद का दुरुपयोग करने सहित विभिन्न आरोप लगाए। इसके बाद सभी बौंली थाने पहुंचे और मामला दर्ज कराया। प्रधान बोलीं- मंच पर मिलेगी तो दो थप्पड़ मारूंगी
बामनवास प्रधान शशिकला मीणा बैठक में बोलीं- मैं भी महिला हूं मैंने तो किसी पर हाथ नहीं उठाया। मैं कहना चाहती हूं कि यह महिला (विधायक इंदिरा मीना) मानसिक रूप से बीमार है। इसके बीमार होने का कारण है पैसा, पैसा, पैसा…इसको दलाली हाथ नहीं आ रही है। मैं कांग्रेस के नेताओं से कहना चाहूंगी कि इसको चंदा इकट्ठा कर के दो, जिससे इसकी भूखमरी मिट सके और लालन-पालन हो सके। इसको कहो भाजपा के कार्यकर्ताओं पर अत्याचार करना बंद करें। वरना हमने भी चूड़ियां नहीं पहन रखी है, हम भी महिला है। हनुमत को बोला कि जो होता देखा जाता, एक थप्पड़ ऐसा मारते की जिंदगी भर याद रखती कि आइंदा किसी पर हाथ न उठाए। इसने अति कर दी है, अब हम इसको सहेंगे नहीं, कभी मंच पर मिल गई तो दो थप्पड़ मेरी तरफ से होंगे। बौंली मंडल अध्यक्ष ने दी रिपोर्ट
भाजपा नेता हनुमत दीक्षित ने रिपोर्ट में बताया कि अंबेडकर जयंती से पूर्व वह प्रधान कृष्ण पोसवाल के घर से लौट रहे थे। इसी दौरान विधायक इंदिरा मीना सहित 20-25 लोगों ने उनकी गाड़ी का घेराव किया। साथ ही अभद्रता करते हुए उन पर हमला किया, मारपीट की और जान से करने का प्रयास किया। 17 मंडलों में भाजपा करेंगी प्रदर्शन
जिलाध्यक्ष मानसिंह गुर्जर ने बताया कि SHO राधारमन गुप्ता से आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की गई है। मामले को लेकर भाजपा की ओर जिले के 17 मंडलों में विधायक के खिलाफ प्रदर्शन किया जाएगा। इंदिरा मीना बोलीं- पैसे वसूलने का काम रहा है
विधायक इंदिरा मीना ने मंलगवार को एक और वीडियो जारी कर पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों को अंबेडकर विरोधी बताया। भाजपा मंडल अध्यक्ष को मैं कार से नीचे उतारना चाह रही थी। जिससे शराब पीने का पता उसके खड़ा होने पर चले। सरकार से भी मैं यह कहना चाहूंगी कि अधिकारियों ने रात को मेरा फोन नहीं उठाया और अब तक उनसे मेरी बात नहीं हुई। लोकेशन और कॉल डिटेल निकाल लीजिए, एसडीएम जयपुर था। एएसपी और डिप्टी ने तो फोन ही रिसीव नहीं किया। ये सरकार की नीति है कि अधिकारी विधायक का फोन रिसीव नहीं करते। सीआई तक घटनास्थल नहीं आता है। इसका सीधा मतलब है कि भाजपा के लोगों ने यह करवाया है। इन 5 फोटोज में देखिए पूरा विवाद… इनपुट- आशीष मित्तल। …………………………………………………… विधायक से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… कांग्रेस विधायक इंदिरा मीना ने भाजपा नेता से की मारपीट: शर्ट फाड़ी, कॉलर पकड़कर खींचा; एसडीएम से MLA बोलीं- तुमने भी दारू पी रखी है क्या ? सवाईमाधोपुर के बौंली में अंबेडकर प्रतिमा पर नाम की पट्टिका लगाने को लेकर विवाद हो गया। बामनवास से कांग्रेस विधायक इंदिरा मीना ने बौंली भाजपा मंडल अध्यक्ष हनुमत दीक्षित से हाथापाई की। कॉलर पकड़कर खींचा और शर्ट फाड़ दी। धमकाते हुए बोलीं- बीजेपी है तो क्या गुंडाराज हो गया क्या ? जब एसडीएम ने कहा- इस मामले को दिखवाएंगे और ये लोकार्पण है, तो विधायक भड़क गई। वह बोलीं-तुमने भी दारू पी रखी है क्या ? मामला रविवार रात 2 बजे का है। करीब 2 घंटे तक ये पूरा विवाद चला। (पढ़ें पूरी खबर)


