भास्कर न्यूज | दंतेवाड़ा जिले में भाजपा नेताओं से जुड़े विवादों की श्रृंखला थमती नजर नहीं आ रही है। ताजा मामले में भाजपा नेता अरविंद कुंजाम के खिलाफ भांसी थाने में वाहनों को रोककर सड़क जाम करने का प्रकरण दर्ज किया गया है। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों से पार्टी की छवि पर असर पड़ने की चर्चा स्थानीय स्तर पर तेज हो गई है, वहीं संगठन की ओर से अब तक किसी बड़े स्तर की कार्रवाई न होने पर भी सवाल उठ रहे हैं। जानकारी के अनुसार बीते दिनों भांसी क्षेत्र में मालवाहक वाहनों को रोककर सड़क जाम किए जाने की शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया। हालांकि, एफआईआर दर्ज होने के बाद इसे ऑनलाइन पोर्टल पर संवेदनशील श्रेणी में लॉक कर दिया गया है, जिससे विवरण सार्वजनिक रूप से उपलब्ध नहीं है। इस कारण पारदर्शिता को लेकर भी चर्चा हो रही है। पुलिस अधिकारी इस मामले में खुलकर कुछ भी कहने से बचते नजर आ रहे हैं। उल्लेखनीय है कि अरविंद कुंजाम वर्तमान में दंतेवाड़ा जिला पंचायत के उपाध्यक्ष हैं। इधर, मामले की निष्पक्ष जांच और स्पष्ट जानकारी सामने लाने की मांग स्थानीय स्तर पर उठने लगे हैं।


