भास्कर न्यूज | लोहरदगा भाजपा का 46वां स्थापना दिवस रविवार को लोहरदगा के अटल भवन में गरिमापूर्ण माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा नगर अध्यक्ष सचिन कुमार साहू ने की। समारोह की शुरुआत ध्वजारोहण के साथ हुई। जिसके बाद सामूहिक रूप से ”वंदे मातरम्” का गायन किया गया। कार्यक्रम स्थल को भगवा ध्वज और पार्टी के आदर्शों को दर्शाते नारों से सजाया गया था। मौके पर डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। वक्ताओं ने उनके विचारों को आज के सामाजिक और राजनीतिक परिप्रेक्ष्य में अत्यंत प्रासंगिक बताया। भाजपा नगर अध्यक्ष सचिन कुमार साहू ने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक संगठन नहीं, बल्कि यह एक ऐसी विचारधारा है जो राष्ट्रवाद, सेवा और विकास के मूल सिद्धांतों पर आधारित है। उन्होंने कहा कि भाजपा का उद्देश्य केवल सत्ता प्राप्ति नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण है। पार्टी के हर कार्यकर्ता को समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुंचाने के संकल्प के साथ काम करना चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि भाजपा का स्थापना दिवस केवल एक तिथि नहीं, बल्कि एक संकल्प है जो हमें अपने मूल विचारों की याद दिलाता है। भाजपा की जड़ें भारतीय जनसंघ से जुड़ी हैं, जिसकी स्थापना 1951 में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने की थी। विचारधारात्मक दृढ़ता और संगठनात्मक प्रतिबद्धता के साथ 6 अप्रैल 1980 को भाजपा की स्थापना हुई। तब से लेकर आज तक पार्टी ने अनेक संघर्षों और सफलताओं के माध्यम से देश की राजनीति में एक सशक्त और निर्णायक स्थान बनाया है। भाजपा की विचारधारा अंत्योदय, अर्थात समाज के सबसे अंतिम व्यक्ति के कल्याण, सुशासन, आत्मनिर्भरता, सांस्कृतिक राष्ट्रवाद और पारदर्शिता पर आधारित है। ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ जैसे मूल मंत्र पार्टी को जन-जन से जोड़ते हैं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। जिनमें उपेंद्र कुशवाहा, सत्यम कुमार, धनराज साहू, सूरज उरांव, निरंजू उरांव, मनीष यादव, ननकू मुंडा, शंभू वर्मा, अशोक कसकर, शुभम गुप्ता, मनीष गुप्ता, चंदन गोप, मनोज कुमार और दीपक कुमार समेत अन्य कार्यकर्ता प्रमुख रूप से शामिल थे। कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने भाजपा की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने, संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा समाज सेवा को प्राथमिकता देने का संकल्प लिया। इस आयोजन ने कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार किया और भाजपा के प्रति प्रतिबद्धता को और गहराई से स्थापित किया।


