लुधियाना| पब्लिक एक्शन कमेटी ने डिप्टी कमिश्नर कार्यालय में ज्ञापन देकर 1965 भारत-पाक युद्ध के नायक, शहीद मेजर भूपिंदर सिंह की प्रतिमा और युद्ध में कब्जे में लिया गया पाकिस्तानी टैंक फिर से भारत नगर चौक पर लगाने की मांग की। यह स्मारक 1979 में वहां स्थापित हुआ था, लेकिन 1995 में ट्रैफिक कारणों से स्थानांतरित कर दिया गया। वर्तमान में यह रोज़ गार्डन के पास है, जहां आम जनता को नहीं दिखता। प्रतिनिधियों ने कहा कि चौक के पुनर्निर्माण का यह समय स्मारक को उसके गरिमामय स्थान पर लौटाने का सही मौका है। मेजर भूपिंदर सिंह लुधियाना के वीर सपूत थे, जिन्होंने 1965 युद्ध में अपने जन्मदिन पर शहादत दी और महावीर चक्र से सम्मानित हुए। ज्ञापन एडीसी राकेश कुमार को सौंपा गया। उन्होंने एनएचएआई समेत संबंधित एजेंसियों से चर्चा कर प्रस्ताव उच्च अधिकारियों तक भेजने का आश्वासन दिया। कमेटी ने यह फैसला 15 अगस्त को घोषित करने की अपील की।


