भास्कर संवाददाता | रायसेन गणतंत्र दिवस की संध्या पर वन परिसर में लोकतंत्र का लोकोत्सव ‘भारत पर्व’ उत्साह और देशभक्ति के माहौल में सम्पन्न हुआ। मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग, जिला प्रशासन एवं जनसंपर्क विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष यशवंत मीणा एवं नगर पालिका अध्यक्ष सविता सेन ने दीप प्रज्वलन कर किया। कार्यक्रम में लोक कलाकारों का जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा शॉल पहनाकर एवं माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। इस अवसर पर अपर कलेक्टर मनोज उपाध्याय, एसडीएम मनीष शर्मा सहित अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। भारत पर्व की पहली कड़ी में इल्यूजन थिएटर आर्ट्स एंड कल्चर संस्थान के कलाकार डॉ. रंजीत, महिमा पाण्डेय, अमित सिठा, मोहिनी एवं उनके साथियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत गीतों की प्रस्तुति दी। “दिल दिया है जान भी देंगे ऐ वतन तेरे लिए…”, “जहां डाल-डाल पर सोने की चिड़िया करती है बसेरा…”, “मेरा रंग दे बसंती चोला…” जैसे गीतों पर श्रोता भावविभोर हो उठे और तालियों से कलाकारों का उत्साह बढ़ाते रहे। कार्यक्रम का निर्देशन ध्रुपद गायिका सुरेखा कामले द्वारा किया गया। इसके बाद लोकरंजन नाट्य संस्थान के लोकगायक एवं रंग निर्देशक प्रवीण चौबे और उनके साथियों ने निमाड़ी आदिवासी लोकशैली में प्रस्तुतियां दीं। टंट्या मामा के यशोगान पर आधारित लोकगीतों ने पूरे परिसर को लोक रंगों से भर दिया और श्रोताओं की तालियों की गड़गड़ाहट से वातावरण गूंज उठा। समापन अवसर पर एसडीएम मनीष शर्मा ने सभी कलाकारों, आयोजकों एवं उपस्थित नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया। विकास प्रदर्शनी ने बढ़ाया कार्यक्रम का आकर्षण भारत पर्व के दौरान वन परिसर में विकास प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसका जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने अवलोकन किया। प्रदर्शनी के माध्यम से प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी नागरिकों को दी गई, जिसे लोगों ने रुचि के साथ देखा और समझा।


