भिंड में चला अस्थाई अतिक्रमण के खिलाफ अभियान:एसडीएम ने की सख्ती: सड़क पर रखा सामान जब्त, अव्यवस्थित पार्किंग पर कार्रवाई की

भिंड शहर में बढ़ते ट्रैफिक जाम और अव्यवस्थित पार्किंग से परेशान लोगों को राहत दिलाने प्रशासन एक्शन मोड में आ गया है। गुरुवार को एसडीएम अखिलेश शर्मा ने नगर पालिका टीम के साथ पैदल निरीक्षण कर अस्थायी अतिक्रमण हटाने की मुहिम शुरू की। सड़क पर रखा सामान और गलत पार्किंग को जाम की बड़ी वजह मानते हुए उन्होंने साफ कहा कि लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं होगी। सुभाष तिराह से इंदिरा गांधी चौराहे तक किए गए निरीक्षण में एसडीएम ने दुकानदारों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि सड़क या फुटपाथ पर मिला कोई भी सामान तुरंत नपा द्वारा जब्त किया जाएगा। साथ ही नियमानुसार चालानी कार्रवाई भी की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अवैध कब्जे शहर की ट्रैफिक व्यवस्था बिगाड़ते हैं, इसलिए सभी दुकानदार तत्काल अतिक्रमण हटाएं। एसडीएम शर्मा ने यह भी बताया कि कई बार ग्राहक दुकान के सामने ही वाहन खड़ा कर देते हैं, जिससे जाम की स्थिति बनती है। उन्होंने दुकानदारों को जिम्मेदारी समझाते हुए कहा कि वे ग्राहकों को सही पार्किंग स्थान बताएं और गलत तरीके से वाहन लगाने से रोकें। साफ–सफाई को लेकर सख्त निर्देश निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने साफ–सफाई पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मियों के कचरा उठाने के बाद भी कुछ लोग सड़क पर कचरा फेंक देते हैं, जो दंडनीय है। दुकानदारों को निर्देश दिए गए कि वे दुकान के बाहर कचरा बाक्स रखें और कचरा वाहन आने पर ही कचरा डालें। सड़क को गंदा करने वालों पर भी कार्रवाई तय है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *