भीलवाड़ा में बाइक पर आए नकाबपोश बदमाश एक किसान के कान काटकर सोने की बालियां और हाथ से चांदी का कड़ा छीनकर ले गए। घटना रायला थाना इलाके रायला-लोटियास रोड पर शुक्रवार शाम 6 बजे हुई। रायला थाना इंचार्ज बच्छराज ने बताया- सादस गांव में रहने वाले किसान लादूलाल ढोली (60) को लुटेरों ने अपना निशाना बनाया। लादूलाल शुक्रवार शाम 6 बजे भीलवाड़ा से अपने गांव सादस जा रहे थे। इस दौरान रायला- लोटियास रोड पर बाइक सवार दो नकाबपोश युवक आए। मुरकियां नहीं निकलीं तो चाकू से कान काटे.. उन्होंने लादूलाल का रास्ता रोका और चाकू दिखाकर कानों में पहनी मुरकियां (बालियां) और हाथ में पहना चांदी का कड़ा लूटने का प्रयास किया। कान से जब मुरकियां नहीं निकलीं तो दरिंदों ने चाकू से कान काटकर मुरकियां निकाली। इसके बाद हाथ से कड़ा भी खींचकर ले गए। लोगों ने घायल लादूलाल को रायला के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी। रायला पुलिस हॉस्पिटल पहुंची। लादूलाल का बयान लिया और मौके पर जाकर जांच की। इसके बाद आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाले। लुटेरों की तलाश जारी है।


