जयनंदन पांडेय | हुसैनाबाद हुसैनाबाद अनुमंडल में भीषण गर्मी से लोग बेहाल हैं। तीन दिनों से पारा 42 डिग्री पर है। गर्मी के कारण सभी नदी और नाला सूख चुके हैं। इससे जंगली जानवरों और पशु पक्षियों को पानी नहीं मिल पा रहा है। जानवर प्यास बुझाने के लिए पानी की तलाश में पहाड़ी क्षेत्र से भटक कर सोन नदी के तटवर्ती क्षेत्र में आने लगे हैं। रविवार को कोयल नदी के किनारे बरडीहा, खरखोल, पंसा, रानी देवा के अलावा सोन नदी के तटवर्ती क्षेत्र में मवेशियों को देखा गया। कोयल व सोन नदी के तटवर्ती क्षेत्र के लोगों का कहना है कि गर्मी के कारण मवेशियों को पानी पिलाने में परेशानी हो रही है। 85 वर्षीय श्याम किशोर पाठक ने कहा कि घर पर पालतु जानवरों को पानी पिलाना मुश्किल हो गया है। सभी दुधारू पशु का दुध भी सूख गया है। जंगली जानवर कोयल व सोन नदी के तटवर्ती क्षेत्र में प्यास बुझाने के लिए विचरण करते देखे जा रहे हैं। कहा कि सोन नदी तटवर्ती क्षेत्र के लोगों को भय सताने लगा है कि जंगली जानवर पालतू पशुओं को नुकसान नहीं पहुंचा दें। उन्होंने कहा कि पशुपालक रतजगा कर अपने पशुओं की रक्षा करने में जुटे हैं। गौरतलब है कि क्षेत्र में लकड़बघ्घा, वन सुअर, बंदर, नीलगाय आदि जानवर देखे जा रहे हैं। वर्ष 2023 के गर्मी में पानी के तलाश में दस की संख्या में हाथियों का झुंड हुसैनाबाद अनुमंडल क्षेत्र के सोन नदी के तटवर्ती क्षेत्र में पानी की तलाश में पहुंच कर क्षेत्र में जम कर उत्पात मचाया था। इसमें हुसैनाबाद नगर पंचायत क्षेत्र के हनुमान बिगहा गांव में एक व्यक्ति को पटक कर मार डाला था। जिससे आज भी लोग काफी भयभीत हैं। हुसैनाबाद अनुमंडल जंगल व पहाड़ी क्षेत्र के गोद में बसा है। एक तरफ सोन व कोयल नदी अवस्थित है, तो दूसरी तरफ पहाड़। जब भी क्षेत्र में पानी की किल्लत होती है तो पहाड़ से जंगली जानवर अपने प्यास बुझाने के लिए सोन व कोयल नदी के तटवर्ती क्षेत्र में पहुंचने लगते हैं।


