छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के कुनकुरी में आयोजित कांग्रेस की जनसभा में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने भाजपा पर प्रत्याशियों की खरीद फरोख्त का आरोप लगाया और राज्य सरकार पर निशाना साधा है। बघेल ने कहा कि राज्य में किसी को समझ नहीं आ रहा कि सरकार कौन चला रहा है, क्योंकि न तो मुख्यमंत्री का कुछ चल पा रहा है और न ही विधायक-मंत्रियों का काम हो पा रहा है। चना-शक्कर नहीं मिलने का आरोप बघेल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के गृह जिले की स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि यहां के हितग्राहियों को अब तक चना-शक्कर नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने सीएम कैंप कार्यालय बगीचा को ‘चौकी’ बताते हुए आरोप लगाया कि वहीं से पूरे राज्य का संचालन किया जा रहा है। प्रत्याशियों की खरीद-फरोख्त का आरोप पूर्व मुख्यमंत्री ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि हार के डर से पार्टी प्रत्याशियों की खरीद-फरोख्त कर रही है। पंडरिया में कांग्रेस प्रत्याशियों के घरों पर तहसीलदार से छापेमारी करवाकर उन्हें डराया-धमकाया जा रहा है। प्रचंड बहुमत से जीतेगी कांग्रेस – भूपेश बघेल पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने दावा किया कि प्रदेश में कांग्रेस की लहर है और पार्टी प्रचंड बहुमत से जीत दर्ज करेगी। उन्होंने डबल इंजन की सरकार को विफल बताते हुए प्रदेश में अराजकता का माहौल होने की बात कही।


