मंडला में रविवार को पीएचई मंत्री और स्थानीय विधायक संपतिया उइके ने नर्मदा तट माहिष्मती घाट में सौंदर्यीकरण कार्य का शिलापूजन किया। घाट में सौंदर्यीकरण के अंतर्गत करीब 1 करोड़ की लागत से सीढ़ियों में लाल पत्थर लगाए जाएंगे। दीवारों पर आकर्षक पेंटिंग की जाएगी, घाट में आर्च, सेल्फी पॉइंट सहित अन्य कार्य किए जाएंगे। इस अवसर पर मंत्री संपतिया उइके ने कहा कि माहिष्मती घाट में पंचचौकी आरती प्रारंभ हुई है। इसमें बड़ी संख्या में लोग आते हैं। लोगों की ओर से नर्मदा घाट का सौंदर्यीकरण की मांग की जा रही थी। जिसको देखते हुए राशि आवंटित की गई है। उन्होंने कहा कि जबलपुर के ग्वारीघाट की तर्ज पर यहां भी लाल पत्थर लगाए जा रहे हैं। आज से कार्य प्रारंभ भी हो रहा है और हमारा प्रयास है कि अगले माह फरवरी में नर्मदा जयंती तक ये कार्य पूर्ण हो जाए। इस दौरान कलेक्टर सोमेश मिश्रा, नपा अध्यक्ष विनोद कछवाहा, एडीएम राजेन्द्र सिंह, संयुक्त कलेक्टर अरविंद सिंह, एसडीएम सोनल सिडाम, सीएमओ गजानन नाफड़े, पार्षद सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।


