मंत्री हफीजुल अंसारी अस्पताल में भर्ती, तत्काल उपचार से हालत में हुआ सुधार

झारखंड के जल संसाधन एवं अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री हफीजुल हसन अंसारी की तबीयत गुरुवार को अचानक बिगड़ गई। उन्हें आनन-फानन में धुर्वा स्थित पारस अस्पताल में भर्ती किया गया। अस्पताल प्रबंधक डॉ. नितेश कुमार ने बताया कि मंत्री की छाती में परेशानी और सांस लेने में दिक्कत के कारण अस्पताल लाया गया है। सीटी स्कैन में लंग्स में हल्का इंफेक्शन दिखा है। अस्पताल के आईसीयू में पल्मोनोलॉजिस्ट डॉ. ओनकार झा और क्रिटिकल केयर के डॉ. शिव अक्षत की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है। फिलहाल मंत्री की तबीयत में सुधार है। इधर, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने बताया कि अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री का सीटी स्कैन, इको एवं अन्य जांच रिपोर्ट सामान्य है। उनके फेफड़े में कुछ इंफेक्शन के संकेत मिले हैं। उन्हें सांस लेने में तकलीफ हो रही थी। मंत्री इरफान अंसारी ने कहा कि डॉक्टरों द्वारा दवा शुरू किए जाने के बाद से वह अच्छा महसूस कर रहे है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *