मंदसौर जिले की दलौदा पुलिस ने ग्राम धुंधड़का स्थित एक वेयरहाउस में हुई बड़ी चोरी का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में मास्टरमाइंड सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। चोरी हुए 300 क्विंटल से अधिक गेहूं और वारदात में इस्तेमाल तीन पिकअप वाहनों सहित कुल 50 लाख रुपए से अधिक का सामान जब्त किया गया है। तकनीकी साक्ष्य और सीसीटीवी से मिली सफलता थाना प्रभारी शुभम व्यास के नेतृत्व में गठित विशेष पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर इस सुनियोजित चोरी का खुलासा किया। मंदसौर निवासी संजय गर्ग ने 2 जनवरी 2026 को दलौदा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि ग्राम धुंधड़का स्थित कृषक वेयरहाउस से करीब 300 क्विंटल गेहूं चोरी हो गया है। इस शिकायत पर दलौदा थाने में अपराध क्रमांक 08/2026, धारा 331(4) और 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी दीपक परमार ने वेयरहाउस मैनेजर महिपालसिंह, गेहूं मालिक के मुनीम लखन शर्मा, और चौकीदार मोहनलाल व राधेश्याम के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाई थी। तीन पिकअप में भरकर ले जाते थे गेहूं आरोपियों ने वेयरहाउस की डुप्लीकेट चाबियां बनवाई थीं। उन्होंने रात के समय सीसीटीवी कैमरों को कपड़े से ढका और डुप्लीकेट चाबियों से ताले खोलकर गेहूं को तीन पिकअप वाहनों में भरकर चुराया। इसी तरीके से पिछले एक महीने में वेयरहाउस से लगभग 300 क्विंटल गेहूं की चोरी की गई थी। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में महिपालसिंह (पिता किशोर सौलंकी, निवासी कचनारा, हाल मुकाम दलौदा), मोहनलाल (पिता बगदीराम माली, निवासी गुलियाना, थाना दलौदा), राधेश्याम (पिता रामलाल भांभी, निवासी ग्राम धुंधड़का, थाना दलौदा), दीपक परमार (पिता राजूलाल परमार, निवासी धोलका, थाना बिलपांक, जिला रतलाम) और लखन शर्मा (पिता मोहनलाल शर्मा, निवासी लेकोड़ा, जिला उज्जैन, हाल मुकाम पिपलिया, थाना अफजलपुर, जिला मंदसौर) शामिल हैं। एडिशनल एसपी टी.एस. बघेल ने बताया पुलिस ने चोरी हुआ 300 क्विंटल से अधिक गेहूं, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 10 लाख रुपए है, जब्त किया है। इसके अलावा, चोरी में प्रयुक्त तीन पिकअप वाहन, जिनकी कीमत लगभग 40 लाख रुपए है, और वेयरहाउस की दो डुप्लीकेट चाबियां भी बरामद की गई हैं।


