भास्कर न्यूज | लुधियाना गृह मंत्रालय द्वारा राष्ट्रीय जनगणना 2027 के पहले चरण (हाउस लिस्टिंग एवं आवास चरण) की समय-सारणी जारी किए जाने के बाद स्थानीय प्रशासन ने लोगों के बीच जागरूकता फैलाना शुरू कर दिया है। इस चरण के दौरान निवासियों से 33 निर्धारित प्रश्न पूछे जाएंगे। मंत्रालय द्वारा जारी सूची के अनुसार राज्य में आवास गणना का कार्य मई के मध्य से शुरू होने की संभावना है। स्थानीय प्रशासन ने कहा है कि जनगणना योजना और विकास के लिए एक महत्वपूर्ण साधन है, जो आने वाले वर्षों की नीतियों और कार्यक्रमों को आकार देने में मदद करती है। नागरिकों से अपील की गई है कि वे गणनाकारों (सर्वे टीमों) का पूर्ण सहयोग करें ताकि सटीक और विश्वसनीय आंकड़े एकत्र किए जा सकें। मकान नंबर, मकान का उपयोग, मकान की स्थिति, परिवार के व्यक्तियों की कुल संख्या, मुखिया का नाम और लिंग, मुखिया की जाति (अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति/अन्य वर्ग)। मकान का स्वामित्व, परिवार के कमरों की संख्या, विवाहित जोड़ों की संख्या के बारे में पूछा जााएगा। अन्य प्रश्नों में पेयजल का मुख्य स्रोत, उपलब्धता, प्रकाश का मुख्य स्रोत, शौचालय की सुविधा और प्रकार, गंदे पानी की निकासी, स्नानघर की उपलब्धता, रसोई और एलपीजी/पीएनजी कनेक्शन, खाना पकाने का मुख्य ईंधन, रेडियो/ट्रांजिस्टर, टेलीविजन, इंटरनेट की सुविधा, लैपटॉप/कंप्यूटर, टेलीफोन/मोबाइल/स्मार्टफोन, साइकिल/स्कूटर/मोटरसा इकिल/मोपेड, कार/जीप/वैन, परिवार में उपभोग किया जाने वाला मुख्य अनाज तथा केवल जनगणना संबंधी संचार के लिए मोबाइल नंबर शामिल हैं।


