मऊगंज में कुख्यात कफ सिरप तस्कर ने किया सरेंडर:एनडीपीएस कोर्ट में पेश हुआ, लंबे समय से फरार था आरोपी

मऊगंज पुलिस के बढ़ते दबाव के बाद कुख्यात नशीले कफ सिरप और गांजा तस्कर संतोष साकेत ने विशेष न्यायाधीश एनडीपीएस एक्ट की अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया है। लंबे समय से फरार चल रहा यह आरोपी पुलिस की लगातार कार्रवाई के कारण न्यायालय में पेश होने को मजबूर हुआ। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी के घर दी थी दबिश थाना प्रभारी मऊगंज संदीप भारतीय ने बताया कि 19 फरवरी 2025 को मुखबिर से अवैध गांजा और आनरेक्स कफ सिरप की सूचना मिली थी। इस सूचना के आधार पर थाना मऊगंज पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम बहेरी नानकार में आरोपी संतोष साकेत (37) पिता छोटेलाल उर्फ रघुनाथ साकेत के घर दबिश दी। छापेमारी के दौरान फरार हो गया था आरोपी तलाशी के दौरान आरोपी के बेडरूम से 95 शीशी आनरेक्स कफ सिरप और 4 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। बरामद सामग्री की कुल कीमत लगभग 58 हजार 525 रुपए आंकी गई है। हालांकि, छापेमारी के दौरान आरोपी संतोष साकेत मौके से फरार हो गया था। उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 109/25 धारा 8(ए)(सी), 20बी, 21, 22 एनडीपीएस एक्ट एवं 5/13 म.प्र. ड्रग्स कंट्रोल अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था। पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी। आरोपी ने कोर्ट में किया समर्पण बीते दिनों आरोपी के भाई सत्येंद्र उर्फ पिंटू साकेत और ददोली साकेत की अलग-अलग मामलों में गिरफ्तारी के बाद संतोष पर दबाव और बढ़ गया। पुलिस का शिकंजा कसता देख फरार आरोपी संतोष उर्फ शेट्टी साकेत ने 22 जनवरी 2026 को रीवा स्थित विशेष न्यायाधीश एनडीपीएस एक्ट के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। मऊगंज पुलिस अधीक्षक दिलीप सोनी ने रविवार दोपहर इस घटना की जानकारी दी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *