भास्कर न्यूज | करही बाजार ग्राम मचहा में पौष पूर्णिमा के अवसर पर शुक्रवार और शनिवार को दो दिवसीय शाकंभरी जयंती मनाई गई। जिसमें पटेल समाज के लोग सुबह से ही तैयारी में जुटे रहे । ग्राम मचहा में ग्राम वासियों के द्वारा माता शाकंभरी की शोभा यात्रा निकाली गई, जिसमें ग्राम के गलियों मे भ्रमण किया गया। इस अवसर पर पटेल समाज के छोटे छोटे बच्चों ने सिर में कलश लेकर शाज सज्जा के साथ कलश यात्रा में शामिल हुए। जयंती समारोह में माता शाकंभरी की पूजा अर्चना के बाद ग्राम के पटेल समाज के प्रमुखों ने माता शाकंभरी को स्मरण करते हुए कहा कि पौष पूर्णिमा के दिन ही मानव के कल्याण के लिए मां शाकंभरी ने अवतार लिया था। प्रचीन मान्यता के अनुसार एक बार पृथ्वी पर सौ वर्ष तक वर्षा नहीं होने से चारों तरफ भूख प्यास से जीव जंतु पेड़ पौधे मरने लगे तब मुनियों ने मिलकर मां भगवती का आह्वान किया, तब वे पौष पूर्णिमा के दिन माता शाकंभरी के रूप में धरती पर अवतार लेकर वर्षा कर पृथ्वी पर जीवन का संचार किया। इसी कारण प्रति वर्ष पौष पूर्णिमा के दिन शाकंभरी जयंती मनाई जाती है। इस अवसर पर लालता प्रसाद पटेल, रामनाथ पटेल, देवेंद्र पटेल, केसर पटेल, कमल पटेल, दिनेश पटेल, ओमप्रकाश पटेल, जगन्नाथ पटेल, शिव प्रसाद पटेल, संतोष पटेल, मनोज पटेल सहित ग्रामवासी उपस्थित रहे।


