भास्कर न्यूज | लुधियाना भामियां कलां की हैप्पी कॉलोनी में एक फैक्ट्री मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक का शव घर के बाहर खून से लथपथ हालत में मिला, जिसके बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की बात कही है। मृतक की पहचान बाबू कांत यादव(35) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार का रहने वाला था और भामियां कलां इलाके में रहकर कंगारू फैक्ट्री में लेबर का काम करता था। बाबू कांत का भाई भी उसी फैक्ट्री में काम करता है। परिजनों के अनुसार, बाबू कांत रोजाना रात करीब 9 बजे फैक्ट्री से घर लौटता था, लेकिन शराब पीने की आदत के कारण कई बार देर हो जाती थी। कभी वह 11 बजे तो कभी 12 बजे रात में घर पहुंचता था। परिवार का आरोप है कि बाबू कांत के मुंह पर किसी नुकीले हथियार से वार किया गया है। परिजनों का कहना है कि यह लूट या किसी रंजिश के चलते की गई हत्या हो सकती है। उन्होंने ये भी बताया कि घटना से दो दिन पहले उनके घर के अंदर चोरी करने की कोशिश की गई थी, जिससे संदेह और गहरा गया है। घटना की सूचना मिलने पर जमालपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल की मोर्चरी में पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि चेहरे पर चोट के निशान पाए गए हैं, लेकिन हत्या है या कोई अन्य कारण, इसका खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही किया जाएगा। कांत यादव मेरे 2 बच्चे हैं। मेरे पति शराब पीते थे और लेट आते थे। बीती रात मेरी उनसे बात हुई थी तो पता चल रहा था कि उन्होंने ने पी हुई है। फिर मैंने गुस्से में गेट बंद कर दिया और पति का इंतजार करने लग गई। रात में न मुझे आवाज़ आई न ही मुझे बुलाया। मेरी अचानक 4 बजे के करीब आंख खुली तो देखा की गेट बंद है और साइकिल खड़ा हुआ है। गेट खोला तो देखा वे जमीन पर पड़े हुए थे। मैंने देखा तो लगा कि नशे में है। मैंने कहा कि रूपेश के पापा उठो। जब मैंने देखा तो मुंह फटा हुआ था और मुंह पर खून ही खून था। मैंने बेटी को बुलाया। मैंने फिर बच्चों को उठाया और कहा कि देखो पापा को क्या हो गया। देखा तो पति की लाश पड़ी हुई थी। एक दिन पहले भी हमारे घर में किसी ने चोरी करने की कोशिश की थी। – जैसा संजुला देवी (मृतक की पत्नी ने भास्कर को बताया)


