जालंधर | अखिल भारतीय दुर्गा सेना संगठन की ओर से मां बगलामुखी हवन किया गया। अध्यक्षता करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री श्री 108 स्वामी सिकंदर व गुरु माता नीरज रतन सिकंदर ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ भक्तों से हवन कुंड में आहुतियां डालवाईं। उन्होंने कहा कि जीवन का हर फैसला भगवान पर छोड़ देना चाहिए। वह आपकी हर समय रक्षा करते हैं। ईश्वर के सामने अपनी इच्छाएं रखो, लेकिन इच्छाओं के लिए समय तय मत करो। जो जीवन में घटेगा उस पर प्रश्न मत खड़े करो, बल्कि प्रभु पर अटूट विश्वास रखना चाहिए। भगवान श्रीकृष्ण का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि मनुष्य जीवन में अपनी सारी इच्छाओं को पूरा नहीं कर पाए थे। उन्हें भी गोकुल और यशोदा मैया को छोड़ कर मथुरा जाना पड़ा था। श्री श्री 108 स्वामी सिकंदर महाराज ने कहा कि अगर इच्छा पूरी नहीं हुई या लक्ष्य हाथ न लगे, तो इसका मतलब यह नहीं कि हम असफल हैं या हममें सामर्थ्य नहीं। जब हम किसी भी बाहरी वस्तु के लिए अपना मन छोटा करते हैं, उसके न मिलने पर दुखी होते हैं तो समझना चाहिए कि ऐसा कर हम एक तरह से भगवान का अपमान करते हैं। यह विचार ही गलत है, क्योंकि हम सबको भगवान ने बनाया है और उन्होंने जैसा भी बनाया है, कुछ सोच कर ही बनाया होगा। इस मौके पर अश्वनी कुमार यादव, आयूष यादव, कमल मल्होत्रा, अकुंर मल्होत्रा, आशु मेहरा, अमित गुप्ता, विपन गोयल, मोहित जैन व अन्य मौजूद रहे। संगठन के संस्थापक व गुरु माता हवन करते हुए। अखिल भारतीय दुर्गा सेना संगठन के सदस्य व अन्य।


