विश्व एड्स दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा एमसीबी जिला मुख्यालय मनेन्द्रगढ़ में राज्यस्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। भरतपुर-सोनहत विधानसभा की विधायक रेणुका सिंह कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगी। कार्यक्रम की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. अविनाश खरे ने बताया कि विश्व एड्स दिवस पर प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम मनेन्द्रगढ़ में होना हर्ष का विषय है। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल एक दिसंबर से पंद्रह दिसंबर तक चलने वाले विश्व एड्स पखवाड़े की शुरुआत करेंगे। वे जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। सुबह 8 बजे एक जागरूकता दौड़ का भी आयोजन किया जाएगा। छत्तीसगढ़ में एचआईवी मरीजों की संख्या राष्ट्रीय औसत से कम आंकड़ों के अनुसार, छत्तीसगढ़ में एचआईवी/एड्स मरीजों की संख्या राष्ट्रीय औसत से कम है। राष्ट्रीय प्रीवलेंस औसत 0.20 है, जबकि छत्तीसगढ़ में यह 0.15 है। वर्तमान में प्रदेश में 22,313 एचआईवी पॉजिटिव मरीज हैं। इन मरीजों को आठ एआरटी (एंटीरेट्रोवायरल थेरेपी) केंद्रों से हर महीने निःशुल्क दवाएं प्रदान की जा रही हैं। राज्य सरकार शेष बचे लोगों की पहचान कर उन्हें एआरटी केंद्रों तक लाने के लिए गैर-सरकारी संगठनों (एनजीओ) की मदद ले रही है। प्रदेश में 140 एचआईवी परामर्श और जांच केंद्रों के माध्यम से निःशुल्क परामर्श और जांच की सुविधा उपलब्ध है। पिछले 18 महीनों में जन्मे बच्चों में से केवल एक बच्चा एचआईवी संक्रमित पाया गया है। सभी गर्भवती महिलाओं को निःशुल्क एचआईवी जांच के लिए प्रोत्साहित किया जाता है, ताकि गर्भावस्था के दौरान ही उनकी जांच हो सके। यदि उनमें एचआईवी वायरस पाया जाता है, तो उन्हें तत्काल नजदीकी एआरटी केंद्र भेजकर दवा शुरू की जाती है।


