बलौदाबाजार में कलेक्टर दीपक सोनी के निर्देश पर कसडोल विकासखंड के ग्राम कटगी स्थित संस्कार हॉस्पिटल की रविवार को जांच की गई। प्रशासन की टीम को जांच के दौरान अस्पताल में कई गंभीर अनियमितताएं मिलीं। इन अनियमितताओं के कारण जांच टीम ने नर्सिंग एक्ट का पालन न होने पर अस्पताल के संचालन पर प्रतिबंध लगाते हुए उसे सील कर दिया। यह जांच एसडीएम रामरतन दुबे के नेतृत्व में की गई। टीम में कसडोल तहसीलदार और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी शामिल थे। संस्कार हॉस्पिटल के खिलाफ लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इन्हीं शिकायतों का संज्ञान लेते हुए जिला प्रशासन ने अस्पताल की जांच का आदेश दिया था। जांच में नर्सिंग एक्ट के तहत कई महत्वपूर्ण कमियां उजागर हुईं।


