मसूदा में रेबारियों का 66 बीघा भूमि विवाद सुलझा:ग्राम उत्थान शिविर में 50 खातेदारों को मिला हक

ब्यावर जिले के मसूदा में आयोजित ग्राम उत्थान शिविर में प्रशासनिक संवेदनशीलता और आपसी संवाद का उदाहरण देखने को मिला। कई सालों से पेंडिंग और जटिल 66 बीघा भूमि विवाद का समाधान करते हुए मसूदा द्वितीय के रेबारियों की ढाणी स्थित भूमि का बंटवारा 50 खातेदारों के बीच शांतिपूर्ण एवं आपसी सहमति से संपन्न कराया गया। यह महत्वपूर्ण प्रकरण विधायक वीरेंद्र सिंह कानावत, जिला प्रभारी सचिव हिमांशु गुप्ता, जिला कलेक्टर मान कमल राम मीना, अपर जिला कलेक्टर ब्रह्मलाल जाट, एसडीएम दीपशिखा कालवी और तहसीलदार रामकिशोर जांगिड़ एवं दुष्यंत सिंह की उपस्थिति में निस्तारित हुआ। प्रकरण में कुछ खातेदारों के निधन के कारण विरासत नामांतरण को लेकर जटिलताएं उत्पन्न हो गई थीं। इस संबंध में मसूदा द्वितीय के गिरदावर घनश्याम सेन एवं पटवारी अभिषेक चौधरी द्वारा विरासत नामांतरण खोलने हेतु आवेदन प्राप्त कर सभी खातेदारों को समझाइश दी गई। प्रशासन ने मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए सभी पक्षों को आपसी सहमति से बंटवारे के लिए प्रेरित किया, जिससे लंबे समय से लंबित विवाद का समाधान संभव हो सका। इतने अधिक खातेदारों के बीच सहमति बनाना एक बड़ी चुनौती थी, जिसे प्रशासनिक टीम ने कुशल समन्वय, संवाद और पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से सफलतापूर्वक पूरा किया। शिविर में मौजूद खातेदारों ने इस पहल पर संतोष जताते हुए प्रशासन की सराहना की। इस अवसर पर जिला कलेक्टर ने आमजन से अपील की कि ग्राम उत्थान शिविरों के माध्यम से बड़े से बड़े और जटिल विवादों का समाधान किया जा रहा है, इसलिए ज्यादा से ज्यादा लोग इन शिविरों का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि प्रशासन आमजन की समस्याओं के त्वरित, न्यायसंगत एवं पारदर्शी समाधान के लिए पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। यह प्रकरण ग्राम उत्थान शिविरों की सार्थकता और प्रशासन की जनकल्याणकारी सोच का सशक्त उदाहरण बनकर सामने आया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *