महाराजपुर बायपास के पास दलदल में मिला बुजुर्ग का शव:तलाशी में मिला रुमाल और टोपी, पहचान के लिए दूसरे थानों को फोटो भेज रही पुलिस

जबलपुर के आधारताल थाना क्षेत्र अंतर्गत महाराजपुर बायपास के पास दलदली इलाके से बुधवार सुबह एक बुजुर्ग का शव मिला है। मृतक की उम्र 70 से 75 वर्ष के बीच बताई जा रही है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। आधारताल थाने के उप निरीक्षक राम प्रसाद मरावी ने बताया कि बुधवार सुबह ‘112’ पर सूचना मिली थी कि महाराजपुर बायपास के पास धर्म कांटे से लगे दलदल में एक शव पड़ा है। थाना पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद शव को दलदल से बाहर निकाला। तलाशी लेने पर मृतक के पास से एक रुमाल और टोपी बरामद हुई, लेकिन पहचान से संबंधित कोई दस्तावेज नहीं मिले हैं। प्रारंभिक जांच में शव पर किसी भी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। शव पोस्ट मार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा पुलिस ने शव को पोस्ट मार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। मृतक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए शव के फोटो आसपास के थानों और क्षेत्रों में भेजे जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा पोस्ट मार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल, आधारताल थाना पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *