अमृतसर सिटी| श्री आरती श्री दुर्गा मंदिर ट्रस्ट करतार नगर से छेहर्टा में सावन के उपलक्ष्य में धार्मिक आयोजन हो रहे हैं। परम संत अद्वैत स्वरूप श्री आरती देवा जी महाराज की अध्यक्षता में हर रोज सुबह शिव पूजन और रुद्राभिषेक किया जा रहा है। यह पूजा सुबह 5 बजे से 7 बजे तक होती है। इस दौरान दूर-दूर से भक्त पहुंचते हैं। भोले बाबा का अभिषेक करते हैं और पूजा में शामिल होते हैं। एक अगस्त को मां चिंतपूर्णी का मेला दरबार में धूमधाम से मनाया जाएगा। अष्टमी के दिन सुबह 8:30 बजे झंडे की रस्म होगी। हर रविवार को शाम 3 बजे से 7 बजे तक सावन का त्योहार दरबार में मनाया जाता है। अमृतसर| जीटी रोड स्थित श्री सनातन धर्म पंजाब महावीर दल श्री हनुमान मंदिर में संक्रांति पर हवन यज्ञ किया गया। मंदिर के चेयरमैन दविंद्र भनोट और प्रधान पवन कुमार की अध्यक्षता में किए गए हवन यज्ञ में पंडितों द्वारा मंत्र उच्चारण किया गया। इस मौके पर भाजपा देहाती नेता डॉ. सुशील देवगन मुख्य रूप से शामिल हुए। पंडित विवेक शर्मा की ओर से सबसे पहले नवग्रह पूजन और फिर अन्य देवी देवताओं का आवाहन करते हुए यज्ञशाला की पवित्र अग्नि में आहुतियां डलवाई। इसके बाद कड़ाह प्रसाद बांटा गया। इस मौके पर रमेश शर्मा, पलविंदर शर्मा समेत मंदिर कमेटी के कई सदस्य मौजूद रहे। अमृतसर| माता कौशल्या कन्या कल्याण समिति मदनलाल ढींगरा समाज समिति की ओर से श्री दुर्ग्याणा मंदिर के वेद कथा भवन में दुर्ग्याणा के कर्मचारियों के बच्चों को सहायता राशि बांटी गई। इस मौके पर दुर्ग्याणा कमेटी की प्रधान लक्ष्मीकांता चावला, डॉ. राकेश शर्मा, एडीसीपी हरपाल सिंह, आईएएस पीयूष, अनिल, संजय कुंद्रा विशेष रूप से पहुंचे।


