शहर के एक थाना क्षेत्र में रविवार रात मोहल्ले में रहने वाले तीन युवकों ने घर में घुस कर जमकर तोड़फोड़ की। आरोप है कि युवकों ने पहले पीड़ित व उसके बेटे के साथ मारपीट की और बाद में घर में घुसकर जमकर तोड़फोड़ करते हुए जेवरात व नकदी लूटकर फरार हो गए। पीड़ित ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि मोहल्ले में किराए पर रह रहे तीन युवक आए दिन शराब पार्टी करते हैं और तेज रफ्तार से वाहन दौड़ाकर परेशान करते रहते हैं। करीब 15 दिन पहले पड़ोस में रहने वाली एक महिला देर रात करीब 11 बजे इन युवकों के कमरे पर बैठी थी। शक होने पर पीड़ित ने महिला के पति को फोन कर जानकारी दी। इस बात से नाराज महिला ने उन युवकों से शिकायत कर दी, जिसके बाद मोहल्ले में विवाद हुआ। हालांकि बाद में दोनों पक्षों में राजीनामा हो गया था। पीड़ित के अनुसार, रविवार शाम वह घर के बाहर मोहल्ले के बुजुर्गों के साथ बैठा था, तभी तीनों युवक वहां पहुंचे और बिना किसी बात के उसके साथ मारपीट कर फरार हो गए। इसके बाद जब उसका बेटा कारण पूछने गया तो आरोपियों ने उसे भी बुरी तरह पीटा, जिससे उसके पैर में गंभीर चोट आई। डर के चलते पीड़ित ने बच्चों को रिश्तेदार के यहां भेज दिया और पत्नी के सांस की बिमारी है तो दवा दिलाने अस्पताल चला गया। इसी दौरान रात करीब साढ़े 8 बजे किसी पड़ोसी का कॉल आया कि आरोपी अपने साथियों को बुलाकर घर में घुस गए हैं और जमकर तोड़फोड़ कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस के साथ जब पीड़ित घर पहुंचा तो देखा कि घर में रखी अपाचे बाइक को पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया गया था। कमरे में रखे बक्से, अलमारी और घरेलू सामान लाठी-डंडों से तोड़ दिए गए थे। आरोपियों ने बक्से में रखे छोटे बैग से चांदी की पाजेब, चुटकी, सोने की अंगूठी, सोने की बालियां और करीब 1 लाख 65 हजार रुपये नकद लूट लिए।जो पीडित ने अपनी बेटी की शादी के लिए रखे थे। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी धमकी दे रहे हैं कि यदि वह मोहल्ले में वापस आया तो उसके हाथ-पैर तोड़ देंगे। पीड़ित ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है, लेकिन अभी तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।


