रायसेन जिले के उदयपुरा में गुरुवार को एक महिला अपने तीन बच्चों के साथ करीब 80 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ गई। महिला ने घरेलू विवाद और आर्थिक परेशानी से तंग आकर टंकी से कूदने की धमकी दी। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, महिला की पहचान पूजा धाकड़ के रूप में हुई है। उसने आरोप लगाया कि उसका पति उसे लगातार परेशान करता है और खर्च के लिए पैसे नहीं देता। महिला ने यह भी बताया कि उसके ससुर द्वारा उसके साथ अपमानजनक व्यवहार किया जाता है, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान हो गई थी। सूचना मिलते ही तहसीलदार दिनेश बरगले और थाना प्रभारी जयवंत सिंह काकोड़िया मौके पर पहुंचे। हालात की गंभीरता को देखते हुए टंकी के नीचे सुरक्षा जाल बिछाया गया। अधिकारियों ने महिला से बातचीत कर उसे समझाने की कोशिश की। एक घंटे की मशक्कत के बाद सुरक्षित उतारे गए बच्चे महिला बार-बार टंकी से कूदने की धमकी दे रही थी। करीब एक घंटे की कोशिशों के बाद थाना प्रभारी ने महिला से बातचीत में उलझाए रखा। इसी दौरान एसआई केशव शर्मा ने पीछे से महिला को पकड़ लिया, जिसके बाद महिला और उसके तीनों बच्चों को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। पहले भी कर चुकी है ऐसा प्रयास बताया गया कि 24 दिसंबर को भी महिला इसी तरह पानी की टंकी पर चढ़ गई थी। उस समय भी प्रशासन और पुलिस ने समझा-बुझाकर उसे सुरक्षित नीचे उतारा था। घटना के बाद अधिकारियों ने महिला के ससुर को मौके पर बुलाकर समझाइश दी। ससुर ने अपनी गलती स्वीकार की। प्रशासन ने पारिवारिक विवाद को आपसी बातचीत से सुलझाने और महिला व बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का भरोसा दिया। समय रहते कार्रवाई होने से बड़ा हादसा टल गया।


