धौलपुर पुलिस ने एक महिला से बैग लूटने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है और एक नाबालिग को हिरासत में लिया है। पुलिस ने लूटा गया मोबाइल फोन और घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। यह घटना 29 सितंबर 2025 को धौलपुर के पैलेस रोड स्थित भार्गव वाटिका के पास हुई थी। पीड़िता उमा पुत्री शिवचरण, निवासी भोगीराम कॉलोनी, श्याम कॉम्प्लेक्स से खाना खाकर अपनी बहन के साथ पैदल घर जा रही थीं, तभी बाइक सवार दो लड़कों ने उसका बैग छीन लिया। बैग में एक मोबाइल फोन और 1000 रुपए नकद थे। पीड़िता की शिकायत पर कोतवाली धौलपुर थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान आईपीएस के निर्देशन और वृत्ताधिकारी शहर धौलपुर मुनेश कुमार मीना आरपीएस के पर्यवेक्षण में थानाधिकारी निहालगंज प्रमेन्द्र रावत के नेतृत्व में टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस ने 3 अक्टूबर 2025 को आरोपी रामवरन (19) पुत्र महेंद्र सिंह, निवासी लुहारी, थाना कोतवाली, जिला धौलपुर को गिरफ्तार किया। इसके साथ ही एक नाबालिग को भी डिटेन किया गया। पुलिस ने इनके कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त कर ली है।


