उमरावगंज |गुदावल स्थित प्राचीन एवं ऐतिहासिक मां कंकाली माता मंदिर परिसर में 24 दिसंबर को एक विशाल और भव्य हिन्दू सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इस सम्मेलन में क्षेत्र के 55 से 60 गांवों से 20 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के शामिल होने का अनुमान है। सम्मेलन को लेकर सकल हिन्दू समाज द्वारा पूरे क्षेत्र में व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। गांव-गांव प्रभात फेरी, भजन-कीर्तन और वाहन रैलियों के माध्यम से लोगों को आमंत्रित किया जा रहा है। इसके साथ ही माँ कंकाली माता मंदिर से 51 कलशों का विधिवत पूजन कर पीले चावल के साथ घर-घर जाकर सम्मेलन में सहभागिता का निमंत्रण दिया जा रहा है। हिन्दू सम्मेलन की संपर्क टोली के सदस्य संजय मीना ने बताया कि यह आयोजन अब तक का सबसे बड़ा हिन्दू सम्मेलन होगा, जिसमें सभी समाजों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिल रही है।


