क्राइम रिपोर्टर|रांची झारखंड पुलिस मुख्यालय ने माओवाद प्रभावित राज्य के नौ जिलों के एसपी को सिक्यूरिटी रिलेटेड एक्सपेंडिचर (एसआरई) मद में आवंटित राशि का उपयोग 31 मार्च से पहले करने का निर्देश दिया है। साथ ही स्पष्ट किया कि यदि किसी जिले को अन्य मदों में अतिरिक्त राशि की आवश्यकता हो, तो वे सात दिनों के अंदर विस्तृत रिपोर्ट पुलिस मुख्यालय को भेजें। आईजी अभियान द्वारा 28 फरवरी को जारी पत्र में कहा गया है कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के तहत एसआरई योजना में विभिन्न मदों में आवंटित धनराशि के उपयोग की अद्यतन स्थिति पहले मांगी गई थी, जिसके आलोक में जिलों ने जानकारी साझा भी की है। अब निर्देश दिया गया है कि शेष राशि का समयबद्ध उपयोग हर हाल में मार्च 2026 तक कर लिया जाए। जिलों में माओवादियों के विरुद्ध अभियान में आएगी तेजी जिन जिलों को यह निर्देश भेजा गया है, उनमें पश्चिमी सिंहभूम (चाईबासा), लातेहार, गढ़वा, लोहरदगा, गिरिडीह, खूंटी, चतरा, सरायकेला-खरसांवा और बोकारो शामिल हैं। पुलिस मुख्यालय ने कहा है कि योजना मदों में धन के प्रभावी उपयोग से सुरक्षा संबंधी गतिविधियों को गति मिलेगी और माओवाद प्रभावित क्षेत्रों में अभियान को मजबूती मिलेगी। मुख्यालय ने जिलों को आगाह किया है कि आवंटित राशि के उपयोग में विलंब न हो और जरूरत पड़ने पर समयसीमा के भीतर अतिरिक्त प्रस्ताव भेजकर आवश्यक संसाधन सुनिश्चित करें।


