माघ मेले के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। यात्रियों की सुविधा के लिए भोपाल मंडल होकर गुजरने वाली 13 प्रमुख ट्रेनों को प्रयाग स्टेशन पर दो-दो मिनट का अस्थायी ठहराव दिया गया है। यह व्यवस्था 1 जनवरी 2026 से लागू हुई है और 20 फरवरी 2026 तक प्रभावी रहेगी। रेलवे के इस निर्णय से माघ मेले में स्नान व दर्शन के लिए प्रयाग आने-जाने वाले यात्रियों को सीधी और सुगम कनेक्टिविटी मिलेगी। खासकर मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, दक्षिण भारत और पश्चिम भारत से आने वाले श्रद्धालुओं को इसका लाभ होगा। इन ट्रेनों को मिलेगा प्रयाग स्टेशन पर 2 मिनट का ठहराव
इंदौर–बनारस एक्सप्रेस, चेन्नई–छपरा एक्सप्रेस, लोकमान्य तिलक–गोरखपुर एक्सप्रेस, लोकमान्य तिलक–अयोध्या कैंट एक्सप्रेस (दोनों फेरे), यशवंतपुर–लखनऊ एक्सप्रेस (दोनों फेरे), गोदान एक्सप्रेस, छपरा एक्सप्रेस, कामायनी एक्सप्रेस, लोकमान्य तिलक–छपरा अंत्योदय एक्सप्रेस, गांधीनगर कैपिटल–वाराणसी एक्सप्रेस और रामेश्वरम–अयोध्या कैंट एक्सप्रेस शामिल हैं। अलग-अलग ट्रेनों का ठहराव समय देर रात से लेकर दिनभर विभिन्न समय पर निर्धारित किया गया है, ताकि यात्रियों को अपनी सुविधा अनुसार विकल्प मिल सके। भोपाल मंडल के सीनियर डीसीएम सौरभ कटारिया ने बताया कि यह अस्थायी ठहराव माघ मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दिया गया है। इससे प्रयाग पहुंचना और वहां से आगे की यात्रा करना अधिक आसान होगा।


