भास्कर न्यूज | बलौदाबाजार पुलिस कार्यालय सभाकक्ष में रविवार को मादक पदार्थों से संबंधित मामलों की विवेचना में अभियोजन संबंधी त्रुटियों को दूर करने और दोषियों को सजा दिलाने के उद्देश्य से एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में एनडीपीएस और पास्को एक्ट से जुड़े प्रकरणों की विवेचना और अभियोजन से संबंधित विषयों पर विशेष रूप से चर्चा की गई। कार्यशाला का उद्घाटन पुलिस अधीक्षक द्वारा किया गया, जिन्होंने प्रशिक्षण के महत्व को रेखांकित करते हुए विवेचकों को इस अवसर का अधिकतम लाभ उठाने का निर्देश दिया। विशेष न्यायाधीश (एनडीपीएस एक्ट) बलौदाबाजार राकेश कुमार वर्मा ने नारकोटिक्स प्रकरणों में बढ़ती चुनौतियों पर चर्चा की और नशे की डिमांड और सप्लाई चेन को नियंत्रित करने पर जोर दिया। उन्होंने एनडीपीएस मामलों की इंड टू इंड इन्वेस्टीगेशन और फाइनेंशियल इन्वेस्टीगेशन के महत्व को रेखांकित करते हुए संपत्ति कुर्की की प्रक्रिया पर प्रकाश डाला। प्रशिक्षण के दौरान एनडीपीएस मामलों में दोषमुक्ति के प्रमुख कारणों और त्रुटिरहित विवेचना के उपायों पर विशेष रूप से चर्चा की गई। पास्को एक्ट से जुड़े प्रकरणों की विवेचना से संबंधित प्रश्नों का भी समाधान किया गया। उपस्थित पुलिस अधिकारियों ने विभिन्न विषयों पर अपने प्रश्न पूछे, जिनका समाधान न्यायाधीश द्वारा दिया गया। इस कार्यशाला का उद्देश्य विवेचना की गुणवत्ता में सुधार करना और अभियोजन की त्रुटियों को दूर कर आरोपियों को सजा दिलाना था।


