माधव कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस में विभागाध्यक्ष और एक महिला प्राध्यापिका के बीच हुए विवाद की जांच रिपोर्ट उच्च शिक्षा आयुक्त और अतिरिक्त संचालक को सौंप दी गई है। 17 सदस्यीय जांच समिति ने अपनी रिपोर्ट में दोनों शिक्षकों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें कॉलेज से हटाने की अनुशंसा की है। घटना शुक्रवार को कॉलेज के अपराध शाखा विभाग में हुई थी। विभागाध्यक्ष चंद्रदीप यादव और इसी विभाग की सहायक प्राध्यापिका के बीच झगड़ा हुआ था। दोनों पक्षों ने जीवाजीगंज थाने में एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। शुरुआत में दोनों शिक्षकों ने कॉलेज प्राचार्य कल्पना सिंह को घटना की कोई सूचना नहीं दी थी। पुलिस तक मामला पहुंचने के बाद रात में कॉलेज को दोनों के प्रतिवेदन मिले। इसके बाद प्राचार्य ने मामले की जांच के लिए सीनियर प्रोफेसरों की 17 सदस्यीय समिति का गठन किया। इस समिति में कॉलेज की अनुशासन समिति, आंतरिक अनुपालन समिति और महिला उत्पीड़न समिति के सदस्य शामिल थे।शनिवार दोपहर को समिति ने शिकायतों का अवलोकन कर अपनी जांच रिपोर्ट प्राचार्य को सौंपी। प्राचार्य ने इस रिपोर्ट को मेल के माध्यम से उच्च शिक्षा आयुक्त और अतिरिक्त संचालक कार्यालय भेज दिया। समिति ने अपनी रिपोर्ट में दोनों शिक्षकों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की सिफारिश करते हुए उन्हें कॉलेज से हटाने की अनुशंसा की है।अब इस मामले में आयुक्त और अतिरिक्त संचालक की ओर से आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्राचार्य सिंह ने बताया कि विभागाध्यक्ष यादव ने 8 अक्टूबर तक मेडिकल अवकाश लिया है, जबकि सहायक प्राध्यापिका भी कोर्ट जाने की सूचना देकर चली गई हैं।


