सिंगरौली में दुर्गा विसर्जन में डूबे युवक का शव मिला:महानदी में 50 घंटे बाद घटनास्थल से 2 किमी दूर पहुंचा

सिंगरौली जिले के सरई थाना क्षेत्र अंतर्गत कुकरावं में दुर्गा विसर्जन के दौरान महानदी में डूबे युवक दिलीप रजक का शव 50 घंटे बाद बरामद कर लिया गया है। उसका शव घटनास्थल से लगभग 2 किलोमीटर दूर महानदी में मिला। यह घटना तिनगुड़ी पुलिस चौकी क्षेत्र के कुकरावं में हुई थी, जहां करीब 18-20 दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन किया जा रहा था। विसर्जन के दौरान कुछ युवक पुल से महानदी में छलांग लगा रहे थे। दिलीप रजक (निवासी मोख्खा टोला, बरगवां) भी इनमें शामिल था। वह गहरे पानी में डूब गया और ऊपर नहीं आ सका। दो दिन चलाया तलाशी अभियान पुलिस के अनुसार, उस स्थान पर दुर्गा विसर्जन प्रतिबंधित था। देवसर भाजपा विधायक राजेंद्र मेश्राम और भाजपा मंडल अध्यक्ष रामधनी यादव भी घटनास्थल पर पहुंचे। तत्काल एनडीआरएफ की टीम को बुलाया गया और दो दिनों तक सघन तलाशी अभियान चलाया गया। लगातार बारिश और नदी में जलस्तर बढ़ने के कारण तलाशी अभियान में बाधाएं आईं। एनडीआरएफ की टीम को सफलता नहीं मिली, लेकिन पुलिस ने हार नहीं मानी। अनुविभागीय अधिकारी पुलिस देवसर गायत्री तिवारी, थाना प्रभारी सरई निरीक्षक जितेंद्र सिंह भदौरिया, थाना प्रभारी माड़ा निरीक्षक शिवपूजन मिश्रा, तिनगुड़ी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अमन वर्मा और बरका चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक नृपेंद्र सिंह सहित पुलिस बल लगातार खोजबीन में जुटा रहा। तेज बहाव के कारण बहा था तेज बहाव के कारण रात में शव घटनास्थल से 2 किलोमीटर दूर बह गया था। अंततः 50 घंटे बाद शव बरामद कर लिया गया। घटना के बाद से मृतक के परिजन घटनास्थल पर ही मौजूद थे। ग्राम पंचायत तिनगुड़ी की सरपंच प्रेमलता गुप्ता ने एनडीआरएफ टीम और मृतक के परिजनों के लिए रहने-खाने की व्यवस्था की। शव का पंचनामा तैयार कर सरई भेजा गया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक के परिवार को शासन की संबल योजना के तहत सहायता राशि प्रदान की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *