मानसा शहर में सीवरेज की गंभीर समस्या के विरोध में स्थानीय लोगों ने सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस पर सरकारी समारोह का बहिष्कार किया जाएगा और 25 जनवरी को नगर परिषद पर तालाबंदी करेंगे। वॉयस ऑफ मानसा के अध्यक्ष जनक राज सिंगला और सीपीआई एएमएल नेता राजविंदर सिंह राणा के नेतृत्व में वार्ड 20, 21, और 22 के निवासियों ने विरोध मार्च निकाला। जनक राज सिंगला ने कहा कि सड़कों पर जमा सीवरेज के कारण शहरवासियों का जीवन नरक बन गया है। सड़कों पर भरा गंदा पानी स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन रहा है, लेकिन प्रशासन इस समस्या की ओर ध्यान नहीं दे रहा है। प्रदर्शनकारियों ने दो निर्णय लिए प्रदर्शनकारियों ने दो महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। पहला, 25 जनवरी को नगर परिषद की तालाबंदी की जाएगी। दूसरा, वे राजकीय नेहरू मेमोरियल कॉलेज में होने वाले सरकारी गणतंत्र दिवस समारोह का बहिष्कार करेंगे और 26 जनवरी को गुरुद्वारा चौक में स्वतंत्र रूप से गणतंत्र दिवस मनाएंगे। बड़ा आंदोलन करने की चेतावनी सीपीआई एमएल लिबरेशन नेता राजविंदर सिंह राणा ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोगों में भारी आक्रोश है और अब वे चुप नहीं बैठेंगे।


