मान सरकार के शासन में बदतर हुई पंजाब की कानून-व्यवस्था : संधू

भास्कर न्यूज | अमृतसर पंजाब में लगातार हो रही हत्याओं को लेकर भाजपा जिलाध्यक्ष हरविंदर सिंह संधू ने भगवंत मान सरकार पर तीखा हमला किया है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के बाद से पंजाब की कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और राज्य में हालात दिन-ब-दिन बद से बदतर होते जा रहे हैं। हरविंदर सिंह संधू ने शादी समारोह के दौरान तरनतारन के गांव वल्टोहा के सरपंच जरमल सिंह की दिनदहाड़े गोली मारकर की गई हत्या की कड़े शब्दों में निंदा की। उन्होंने कहा कि यह बेहद निंदनीय, कायराना और दुखद घटना है, जिसने खुशियों के माहौल को मातम में बदल दिया। उन्होंने कहा कि इस घटना ने साफ कर दिया है कि पंजाब में अब कोई भी जगह सुरक्षित नहीं रही है। भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि यह कोई एकल घटना नहीं है। कल मोगा के भिंडर कलां गांव में एक युवक की हत्या कर दी गई, उससे पहले कपूरथला में एक महिला की हत्या हुई। ये सभी घटनाएं मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली सरकार और पुलिस प्रशासन की पूरी तरह विफलता को उजागर करती हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *