मारपीट करने वाले बदमाशों से पुलिस ने करवाया पूजा-पाठ:जबलपुर के नर्मदा घाट पर आश्रम में मौजूद लोगों के पैर पड़वाए; मुख्य आरोपी सहित 5 पकड़े गए

नर्मदा घाट पर उत्पात मचाने वाले पांच बदमाशों को जबलपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने घाट पर मस्ती के दौरान टोकने पर आश्रम में मौजूद नर्मदा भक्तों के साथ मारपीट की थी। पुलिस ने कानूनी कार्रवाई के साथ सभी आरोपियों को उसी घाट पर ले जाकर पूजा-पाठ भी करवाया, जहां यह घटना हुई थी। यह घटना 1 जनवरी की है, जब आरोपी कार से नर्मदा घाट पहुंचे थे और आश्रम में रहने वालों से विवाद हो गया था। तिलवाराघाट पर स्थित राम भरोसे नामक आश्रम में जबलपुर जिले के आसपास के नर्मदा भक्त रहते हैं। ये भक्त नर्मदा परिक्रमा करने वालों के लिए भोजन और ठहरने की व्यवस्था करते हैं। 31 दिसंबर की रात करीब 12 बजे तिलवारा और रमनगरा क्षेत्र के तीन युवक न्यू ईयर मनाने तिलवारा पहुंचे। उन्होंने कार का म्यूजिक सिस्टम तेज आवाज में चला दिया। पास ही आश्रम होने के कारण वहां मौजूद लोगों ने उन्हें ऐसा करने से मना किया, जिस पर आरोपियों ने विवाद शुरू कर दिया। 7 आरोपी ने आश्रम में मौजूद लोगों के साथ मारपीट की थोड़ी देर बाद कार सवार युवकों ने फोन कर अपने अन्य साथियों को बुला लिया और आश्रम के अंदर घुसकर हंगामा करने लगे। इसके बाद दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया। सात बदमाशों ने मिलकर आश्रम में मौजूद लोगों के साथ जमकर मारपीट की, जिसमें तीन से चार लोग घायल हो गए। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। 1 जनवरी को आश्रम में मौजूद नर्मदा भक्तों ने तिलवारा थाने पहुंचकर बदमाशों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। 8 जनवरी को दो नाबालिगों सहित पांच आरोपी गिरफ्तार एसपी संपत उपाध्याय के निर्देश पर तिलवारा थाना पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। फुटेज में बदमाश मारपीट करते हुए दिखाई दिए, जबकि आश्रम में मौजूद लोगों ने भी अपना बचाव किया। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी रही और 8 जनवरी को दो नाबालिगों सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद तिलवारा थाना पुलिस सभी आरोपियों को घाट पर ले गई, जहां उनसे पहले पूजा-पाठ करवाया गया और फिर आश्रम में मौजूद लोगों के पैर पड़वाए गए। एएसपी सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि जांच में सामने आया है कि आरोपियों में कुछ आपराधिक प्रवृत्ति के हैं। उन्होंने बताया कि आरोपी देर रात रील बनाने के लिए तिलवाराघाट पहुंचे थे, इसी दौरान विवाद हुआ था। आरोपी पर अवैध वसूली, मारपीट सहित कई गंभीर अपराध दर्ज हैं एएसपी ने बताया कि मुख्य आरोपी साका उर्फ समीर दुबे है, जो रमनगरा का निवासी है। वह 2 दिसंबर को ही 18 वर्ष का हुआ है। इसके पहले भी उसके खिलाफ अवैध वसूली और मारपीट सहित कई गंभीर अपराध दर्ज हैं। पुलिस ने साका के अलावा करण चक्रवाती, सौरभ सोनी और संजय पटेल को भी गिरफ्तार किया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *